Hot Topics

वाहन टैगिंग और जीएसटी मुद्दों पर व्यापारियों का मोर्चा

  • कानपुर सम्मेलन में नई प्रांतीय कमेटी घोषित, समस्याओं पर चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी

भारत 19
कानपुर। व्यापारियों से जुड़े प्रशासनिक और कर संबंधी मुद्दों को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने संघर्ष की रणनीति तैयार की है। कानपुर में रविवार को आयोजित प्रदेश और जिला पदाधिकारियों के सम्मेलन में वाहन टैगिंग, गेटपास की समय सीमा, स्टेट और सेंट्रल जीएसटी की कार्रवाई तथा खाद्य विभाग की सैंपलिंग को लेकर नाराजगी जताई गई। संगठन ने इन मुद्दों को प्रदेशभर में उठाने और जरूरत पड़ने पर लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करने का फैसला किया। सम्मेलन के दौरान संगठन की प्रांतीय कमेटी का विस्तार किया गया और प्रदेश के सभी 18 मंडलों में प्रभारियों की नियुक्ति की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि देश के 25 राज्यों में मंडी एक्ट लागू है, लेकिन उत्तर प्रदेश को छोड़कर अन्य राज्यों में वाहन टैगिंग और गेटपास की समय सीमा जैसी व्यवस्था नहीं है। संगठन इन व्यवस्थाओं को समाप्त करने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा। सम्मेलन में स्टेट जीएसटी की सचल दल इकाइयों द्वारा धारा 129 के तहत वाहनों को डिटेन किए जाने पर सवाल उठाए गए। संगठन का आरोप है कि इस प्रावधान का दुरुपयोग हो रहा है। कई वर्ष पुराने वैट और जीएसटी मामलों में बकाया कर के नोटिस भेजे जाने को भी व्यापारियों ने मुद्दा बनाया।

सेंट्रल जीएसटी अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर भी संगठन ने आपत्ति जताई। उसका आरोप है कि दुकानों तक पहुंचकर सूची में नाम होने का हवाला देते हुए व्यापारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। संगठन ने कहा कि ऐसी शिकायतें जारी रहीं तो सेंट्रल जीएसटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सैंपलिंग को लेकर भी संगठन ने उगाही के आरोप लगाए और कहा कि व्यापारियों के कथित उत्पीड़न के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।

नई प्रांतीय कमेटी में कानपुर को भी जिम्मेदारी

संगठन विस्तार के तहत बरेली के अनिल अग्रवाल को प्रदेश संयुक्त महामंत्री, सतीश अग्रवाल सर्राफ को प्रदेश उपाध्यक्ष, उरई के हरि किशोर गुप्ता को प्रदेश मंत्री और अलीगढ़ के राजेश गुप्ता को प्रदेश संगठन मंत्री बनाया गया। कानपुर के सौरभ पांडेय और प्रखर श्रीवास्तव को युवा इकाई का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश के सभी 18 मंडलों में भी प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ताजपुरिया, युवा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्याम सिंघल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय वाजपेयी और तरुण तिवारी, प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री संजय भदौरिया और महोबा जिलाध्यक्ष भारत अग्रवाल सहित कई पदाधिकारियों को पगड़ी, शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रदेश संयुक्त महामंत्री अनिल अग्रवाल ने कहा कि संगठन जिलों में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहेगा और जरूरत पड़ने पर राजधानी में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस तरह कानपुर का सम्मेलन संगठन विस्तार के साथ आने वाले दिनों के व्यापारिक आंदोलन की रूपरेखा भी तय कर गया।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News