- आवंटित बच्चों को तत्काल प्रवेश दें, वरना मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी; एडीएम सिटी सौरभ सिंह ने सत्र 2026-27 के लंबित दाखिलों पर जताई सख्ती
भारत 19/ कानपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत आवंटित बच्चों को प्रवेश देने में आनाकानी करने वाले कानपुर के 20 प्रमुख निजी विद्यालयों को जिला प्रशासन ने अल्टीमेटम दिया है। अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह ने संबंधित स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को तत्काल दाखिले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
RTE के तहत प्रवेश देना स्कूलों का कानूनी दायित्व
मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत RTE के लंबित प्रवेशों की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सामने आया कि कई विद्यालयों में आवंटित बच्चों के दाखिले अब तक नहीं हुए हैं। एडीएम सिटी ने स्पष्ट किया कि पात्र बच्चों को प्रवेश देना विद्यालयों का वैधानिक दायित्व है। इसमें किसी भी तरह की मनमानी, टालमटोल या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(ग) के तहत अलाभित समूह और दुर्बल वर्ग के पात्र बच्चों के प्रवेश की समीक्षा की गई। एडीएम सिटी ने कहा कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। स्कूल आवंटित होने के बाद किसी पात्र बच्चे को प्रवेश के लिए परेशान करना या उसके शिक्षा के अधिकार से वंचित रखना स्वीकार्य नहीं है।
कानपुर के इन 20 निजी स्कूलों को चेतावनी
प्रवेश लंबित रखने पर जिन विद्यालयों को चेतावनी दी गई, उनमें शामिल हैं:
- डॉ. वीरेंद्र स्वरूप समूह : एन ब्लॉक किदवई नगर, ए-2 ब्लॉक किदवई नगर, श्याम नगर और जाजमऊ स्थित एजुकेशन सेंटर; कल्याणपुर, सिविल लाइंस, कैंट और गोविंद नगर स्थित पब्लिक स्कूल।
- एनएलके समूह : एनएलके पब्लिक स्कूल विष्णुपुरी, एनएलके पब्लिक स्कूल लिटिल स्टेप जवाहर नगर और एनएलके वेद स्कूल खलासी लाइन।
- ऐलन हाउस समूह : रूमा और खलासी लाइन स्थित स्कूल।
- अन्य विद्यालय : केम्ब्रिज हाईस्कूल सिविल लाइंस, तेजस हाईस्कूल नागरजी, सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल कैंट, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल मैनावती मार्ग, चिल्ड्रन्स स्कूल रतनलाल नगर, यूनाइटेड पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस और डीपीएस कल्याणपुर।
जनता दर्शन में भी मिल रही थीं शिकायतें
एडीएम सिटी सौरभ सिंह के अनुसार, जिलाधिकारी के जनता दर्शन में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी स्कूल RTE के प्रावधानों का पालन नहीं कर रहे और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को प्रवेश नहीं दे रहे हैं। इसी के बाद संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को बैठक में बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों को आवंटित बच्चों का तत्काल प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। ऐसा नहीं करने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
