कानपुर में स्वास्थ्य विभाग के विशेष अभियान के तहत अब तक 12,854 पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगाई जा चुकी है। विभाग ने 14 से 15 वर्ष की शेष पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों से भी आगे आकर टीकाकरण कराने की अपील की है।
कानपुर। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए प्रभावी मानी जाने वाली एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अब कानपुर की किशोरियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग के विशेष अभियान के तहत जनपद में अब तक 12,854 पात्र किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। विभाग ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की शेष पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों से भी बिना किसी संकोच या भ्रम के आगे आकर यह सुरक्षा कवच अपनाने की अपील की है।
महंगी वैक्सीन, अब सरकार दे रही मुफ्त
निजी अस्पतालों में एचपीवी वैक्सीन की एक डोज के लिए हजारों रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं, लेकिन प्रदेश सरकार इसे पात्र किशोरियों को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
नियमित सत्रों के साथ रविवार को भी विशेष अभियान
अधिक से अधिक किशोरियों तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए अभियान को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से जोड़ा गया है। प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं छूटी हुई पात्र बालिकाओं को लाभान्वित करने के लिए हर रविवार विशेष टीकाकरण शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।
घर-घर पहुंच रहा स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य विभाग ने पात्र किशोरियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से ड्यू-लिस्ट तैयार की है। इसके आधार पर घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को टीकाकरण की जानकारी दी जा रही है और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
‘अफवाहों पर नहीं, वैज्ञानिक सलाह पर करें भरोसा’
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.पी. यादव ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। उन्होंने 14 से 15 वर्ष की सभी पात्र किशोरियों से निर्धारित टीकाकरण सत्रों में पहुंचकर टीका लगवाने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से कहा कि वे किसी भी भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को समय पर निःशुल्क टीका लगवाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य का उपहार दें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जनपद की कोई भी पात्र किशोरी इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने 14 से 15 वर्ष की सभी पात्र किशोरियों और उनके अभिभावकों से एचपीवी वैक्सीन लगवाने की अपील की है, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से समय रहते बचाव सुनिश्चित किया जा सके।


