Hot Topics

10 साल बाद ऑडिटोरियम पूरा, अब GIC चुन्नीगंज में इंडोर खेलों का ठिकाना

  • 500 छात्रों के बैठने की क्षमता वाले वातानुकूलित ऑडिटोरियम में आधुनिक स्टेज, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की होगी सुविधा – इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन-टेबल टेनिस समेत कई खेलों की होगी सुविधा, डीएम ने भूमि चयन किए जाने पर मांगा स्पष्टीकरण

कानपुर। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) कानपुर के विद्यार्थियों को जल्द ही पढ़ाई के साथ आधुनिक शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जीआईसी कानपुर नगर परिसर में 8.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम लोकार्पण के लिए तैयार है, जबकि जीआईसी चुन्नीगंज में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण तेजी से चल रहा है। दोनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को परिसर में ही आधुनिक आयोजन और खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अगस्त में होगा 500 सीट वाले ऑडिटोरियम का लोकार्पण

जीआईसी कानपुर नगर परिसर में बने अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में करीब 500 छात्रों के बैठने की क्षमता है। वातानुकूलित ऑडिटोरियम में आधुनिक स्टेज, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा संगोष्ठी, प्रतियोगिताएं और अन्य बड़े आयोजन कराए जा सकेंगे। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीटिंग व्यवस्था, स्टेज, वातानुकूलन, लाइटिंग और साउंड सिस्टम समेत सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सुविधाओं को पूरी तरह क्रियाशील रखने और अगस्त में ही ऑडिटोरियम का लोकार्पण कराने के निर्देश दिए। ऑडिटोरियम का निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुई था। फरवरी 2025 में डीएम के निरीक्षण के दौरान का काम ठप मिला था। उसके बाद प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। लंबित प्रकरणों के निस्तारण के बाद निर्माण दोबारा शुरू हुआ। 

चुन्नीगंज में बन रहा इंडोर मिनी स्टेडियम

जीआईसी चुन्नीगंज परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर मिनी स्टेडियम बनाया जा रहा है। इसमें बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस समेत विभिन्न इंडोर खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना का निर्माण छह मार्च 2026 को शुरू हुआ था और इसे एक जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। डीएम ने मंगलवार को निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने, नियमित निगरानी करने और अनावश्यक देरी रोकने को कहा। उन्होंने स्टेडियम के लिए चयनित भूमि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पाया कि प्रस्तावित स्टेडियम के पीछे पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उनका कहना था कि पीछे की भूमि का चयन किया जाता तो सामने की जमीन का इस्तेमाल भविष्य में अन्य जरूरी कार्यों के लिए किया जा सकता था। उन्होंने उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के संबंधित अधिकारियों से भूमि चयन के आधार और परिस्थितियों पर स्पष्टीकरण मांगा।

परियोजनाओं पर एक नजर

अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम: 8.10 करोड़ रुपये, करीब 500 सीट, अगस्त 2026 में लोकार्पण
इंडोर मिनी स्टेडियम: 4.92 करोड़ रुपये, निर्माण पूरा करने का लक्ष्य जनवरी 2027
स्थान: जीआईसी कानपुर नगर और जीआईसी चुन्नीगंज
मुख्य सुविधाएं: ऑडिटोरियम में स्टेज, लाइटिंग, साउंड और एसी; स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित इंडोर खेल

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News