Hot Topics

कानपुर में 64 साल पुराना ICAI भवन टूटेगा

  • सिविल लाइंस में बनेगा नया तीन मंजिला भवन, पार्किंग, लाइब्रेरी और 250 सीट का ऑडिटोरियम होगा, कानपुर विकास प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद शुरू होगा निर्माण

भारत 19

कानपुर। शहर के सिविल लाइंस स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल का करीब 64 साल पुराना भवन जल्द टूटेगा। इसकी जगह आधुनिक सुविधाओं से लैस नया तीन मंजिला ICAI भवन बनाया जाएगा। मंगलवार को ICAI पदाधिकारियों, दिल्ली के आर्किटेक्ट और नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) के अधिकारियों के बीच करीब सात घंटे चली बैठक में नए भवन के नक्शे और डिजाइन पर सहमति बनी।

करीब एक हजार वर्ग गज में फैली सिविल लाइंस की इस जमीन पर बनने वाले नए भवन का ग्राउंड फ्लोर पार्किंग के लिए प्रस्तावित है। इसके ऊपर तीन मंजिल बनाई जाएंगी। नए ICAI भवन में दो कक्षाएं, 60 से 70 छात्रों की क्षमता वाली लाइब्रेरी, 250 सीटों का मल्टीपरपज ऑडिटोरियम, अध्यक्ष का कार्यालय और बाहर से आने वाले सदस्यों के लिए अलग लाउंज होगा।

सात राज्यों की ICAI गतिविधियों का केंद्र कानपुर

कानपुर, ICAI के सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल का मुख्यालय है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान समेत सात राज्यों के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से जुड़ी परिषद की गतिविधियों का संचालन यहीं से होता है। कानपुर एक समय देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल था और यहां चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की बड़ी संख्या थी। इसी कारण सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल का मुख्यालय कानपुर में स्थापित किया गया। सिविल लाइंस में भवन निर्माण के लिए 1962 में जमीन मिली थी और 1972 में यहां कार्यालय की शुरुआत हुई थी।

जगह कम पड़ी तो लखनपुर में बना दूसरा भवन

सिविल लाइंस स्थित ICAI भवन में जगह कम पड़ने के बाद करीब एक दशक पहले लखनपुर में दूसरा भवन बनाया गया। परिषद की कई गतिविधियां अब वहां से भी संचालित होती हैं। इसके बावजूद सिविल लाइंस स्थित पुराने भवन के भविष्य को लेकर लंबे समय से मंथन चल रहा था। आखिरकार 25 अगस्त 2026 को दिल्ली के आर्किटेक्ट और NBCC की टीम के साथ केंद्रीय परिषद सदस्य अनुज गोयल और सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्य अंकुर गोयल समेत अन्य पदाधिकारियों की बैठक हुई। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई बैठक में अनापत्ति प्रमाणपत्र, नक्शे की स्वीकृति और डिजाइन में बदलाव पर विस्तार से चर्चा हुई।करीब सात घंटे चली मैराथन बैठक में तय हुआ कि पुराने ICAI भवन को आंशिक रूप से बदलने के बजाय पूरी तरह ध्वस्त कर नया भवन बनाया जाएगा।

KDA को जल्द सौंपा जाएगा नए भवन का नक्शा

बैठक में कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) को सौंपे जाने वाले नए ICAI भवन के नक्शे पर अंतिम निर्णय लिया गया। जल्द ही नक्शा स्वीकृति के लिए KDA में दाखिल किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र और भूमि उपयोग से संबंधित अनुमति की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद सिविल लाइंस के पुराने ICAI भवन को तोड़कर नए परिसर का निर्माण शुरू होगा।

छात्रों की पहुंच के लिए अहम रहेगा नया परिसर

सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के सदस्य अंकुर गोयल के अनुसार लखनपुर स्थित ICAI भवन कई छात्रों के लिए दूर पड़ता है। ऐसे में सिविल लाइंस का नया परिसर उन छात्रों के लिए अधिक सुविधाजनक होगा, जो ऑफलाइन कक्षाओं और अन्य गतिविधियों में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि सीए की ज्यादातर पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से होती है, लेकिन ओरिएंटेशन और अलग-अलग विषयों के 15-15 दिन के छह बैच ऑफलाइन संचालित होते हैं। इन बैचों में छात्रों की भौतिक उपस्थिति जरूरी होती है। नए भवन में प्रस्तावित कक्षाओं और लाइब्रेरी से ऐसे छात्रों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News