- कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी फॉर्च्यूनर में फंसे थे पांच लोग; अर्चना सिंह और अमित तेवतिया ने बिना देर किए शुरू किया रेस्क्यू, एंबुलेंस और यूपीडा टीम ने भी संभाला मोर्चा
भारत 19
कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी फॉर्च्यूनर में फंसी पांच जिंदगियों के लिए सिपाही दंपति समय पर मददगार बनकर पहुंचे। रास्ते से गुजर रहे कांस्टेबल अर्चना सिंह और उनके पति अमित तेवतिया ने हादसा देखते ही अपनी गाड़ी रोकी और रेस्क्यू शुरू कर दिया। कार का शीशा नहीं खुला तो अमित तेवतिया ने राइफल की मदद से शीशा तोड़ा, जिसके बाद दोनों ने अंदर फंसे पांचों लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
बारिश के बीच बेकाबू होकर पलटी फॉर्च्यूनर
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 171 के आसपास हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक लखनऊ से नोएडा की ओर जा रही फॉर्च्यूनर अचानक बारिश और तेज रफ्तार के बीच अनियंत्रित हो गई। वाहन डिवाइडर की करीब 20 मीटर फेंसिंग तोड़कर दूसरी लेन में पहुंचा और फिर पलट गया। हादसे के बाद कार में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए और वाहन के अंदर फंस गए। हादसे में कार चालक विकास यादव, सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, आयुष वर्मा, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और गीतांजलि सिंह घायल हुए।
राइफल की मदद से तोड़ा कार का शीशा
हादसे के वक्त अर्चना सिंह और अमित तेवतिया सौरिख से कन्नौज की ओर जा रहे थे। पलटी हुई फॉर्च्यूनर और उसमें फंसे लोगों को देखकर दोनों ने अपनी गाड़ी रोक दी और सीधे रेस्क्यू में जुट गए। अंदर लोगों के फंसे होने और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल कार का शीशा तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया। शीशा टूटने के बाद सिपाही दंपति ने कार के अंदर पहुंचकर पांचों घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कुछ ही देर में एंबुलेंस, थाना पुलिस और यूपीडा की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उषा सिंह, आयुष वर्मा और अरविंद कुमार को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया।
रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सिपाही दंपति को दुर्घटनाग्रस्त कार के पास रेस्क्यू करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी दोनों की तत्परता की चर्चा हो रही है। सिपाही अर्चना सिंह आशा ज्योति केंद्र कन्नौज और उनके पति अमित तेवतिया कन्नौज पुलिस लाइन के जिम में तैनात बताए गए हैं। अचानक बारिश और तेज रफ्तार को हादसे की वजह से चालक फॉर्च्यूनर को नियंत्रण में नहीं रख सका और वह डिवाइडर की फेंसिंग तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच कर पलट गई।


