- वृंदावन के गुरु कृपा कुंज में हुआ हादसा; गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए रसिक दुलारी शरण ने इलाज के दौरान दम तोड़ा, पुलिस ने शुरू की जांच
भारत 19
मथुरा । प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वृंदावन स्थित गुरु कृपा कुंज की चार मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल से शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे गिरने पर उन्हें गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर निवासी दीपक लोधी ने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद रसिक दुलारी शरण नाम अपनाया था। वह वृंदावन में रहकर साधना से जुड़े हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को मामला आत्महत्या का प्रतीत होने की बात सामने आई है। हालांकि मौत की अंतिम वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस जांच में मृतक के कमरे और घटनास्थल से मिले सामान को भी अहम माना जा रहा है। कमरे से खून लगा ग्राइंडर मिलने और शरीर के निजी हिस्से में चोट की बात कही गई है। हालांकि इन परिस्थितियों का घटना से क्या संबंध है, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
सीसीटीवी और मोबाइल से खुलेगा घटनाक्रम
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन और डायरी समेत अन्य उपलब्ध सामग्री की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि घटना से पहले मृतक की गतिविधियां क्या थीं और वह चौथी मंजिल तक किस परिस्थिति में पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष इस मामले में महत्वपूर्ण होंगे। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


