Hot Topics

लखनऊ मेट्रो के चार रूट पर इलेक्ट्रिक फीडर सेवा शुरू

  • मौसी और इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से मिलेगी सुविधा, 15 से 50 रुपये किराया; सुबह छह से रात 10:30 बजे तक चलेंगे वाहन

भारत 19 
लखनऊ।
लखनऊ मेट्रो यात्रियों के लिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने चार रूट पर इलेक्ट्रिक फीडर वाहन सेवा शुरू की है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने अमौसी मेट्रो स्टेशन से सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई सेवा के तहत मेट्रो स्टेशनों को शहर के प्रमुख इलाकों से जोड़ा जाएगा। यात्रियों को दूरी के आधार पर 15 से 50 रुपये तक किराया देना होगा। इलेक्ट्रिक फीडर वाहन सुबह छह बजे से रात 10:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगे।

अमौसी से बंथरा, इंदिरा नगर से कई इलाकों को मिलेगी कनेक्टिविटी
पहला रूट अमौसी मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर नादरगंज चौराहा, हैदरी चौराहा, ग्वारी, सरोजिनी नगर, स्कूटर इंडिया चौराहा होते हुए बंथरा तक जाएगा। इससे अमौसी मेट्रो स्टेशन के आसपास के प्रमुख क्षेत्रों के यात्रियों को सीधे फीडर सेवा का विकल्प मिलेगा। इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन से अलग-अलग रूट पर इलेक्ट्रिक फीडर वाहनों का संचालन होगा। एक रूट पॉलिटेक्निक चौराहा, अवध बस स्टैंड, हुसड़िया, इकाना स्टेडियम, अहमामऊ, लुलु मॉल और उतरेटिया तक जाएगा। दूसरे रूट पर पॉलिटेक्निक चौराहा, कमता, चिनहट तिराहा, मटियारी चौराहा, बीबीडी, तिवारीगंज और अनौरा कला अंडरपास तक यात्रियों को सुविधा मिलेगी। एक अन्य रूट पॉलिटेक्निक चौराहा, वेव मॉल, आरएमएल, आईजीपी, कठौता चौराहा, तकवा चौराहा, डिवाइन हॉस्पिटल, दयाल, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, मंत्री आवास मार्ग, लोहिया पथ, फैजाबाद रोड और एचएएल तक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा।

सुरक्षा के लिए जीपीएस और कैमरे

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक फीडर वाहनों में एसओएस सुविधा, इन-व्हीकल कैमरा और जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। इससे यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के साथ वाहनों की निगरानी की सुविधा भी मिलेगी।

लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मिलेगा विकल्प

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो पहले से रैपिडो, माई दीदी और उबर जैसी सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रहा है। इलेक्ट्रिक फीडर सेवा शुरू होने से यात्रियों के पास मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने और स्टेशन से गंतव्य तक जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News