- कानपुर के स्वरूप नगर, माल रोड, फजलगंज, शास्त्री नगर और रनियां में 70 अधिकारियों की सात टीमों ने शुरू की जांच, दस्तावेज और कारोबारी रिकॉर्ड खंगाले
भारत 19
कानपुर। शराब कारोबारी तिलक शर्मा के सात कारोबारी प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग ने बुधवार को सर्वे की कार्रवाई शुरू की। कानपुर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ शुरू हुई कार्रवाई में आयकर विभाग के करीब 70 अधिकारी लगाए गए हैं। विभाग की सात टीमों ने कारोबारी प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
आयकर अधिकारियों के मुताबिक, सर्वे की कार्रवाई स्वरूप नगर, माल रोड, फजलगंज, शास्त्री नगर और रनियां स्थित कारोबारी प्रतिष्ठानों पर चल रही है। कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलते ही शहर में शराब कारोबार से जुड़े अन्य कारोबारियों के बीच भी हलचल तेज हो गई।
सात टीमों ने एक साथ शुरू की जांच
अधिकारियों के अनुसार तिलक शर्मा के सात प्रतिष्ठानों पर जांच के लिए सात अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमें अपने-अपने निर्धारित कारोबारी परिसरों में पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। विभाग की ओर से कारोबारी लेनदेन, दस्तावेज और उपलब्ध वित्तीय रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। आयकर अधिकारियों का कहना है कि सर्वे के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों और सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाया
देशभर में फैला है कारोबारी नेटवर्क
अधिकारियों के मुताबिक तिलक शर्मा का शराब कारोबार कानपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि कारोबार का नेटवर्क देश के अलग-अलग हिस्सों तक फैला हुआ है। ऐसे में सर्वे के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड से आयकर विभाग को अन्य स्थानों से जुड़े लेनदेन की जानकारी भी मिल सकती है।
अनियमितता मिली तो छापे में बदल सकती है कार्रवाई
आयकर अधिकारियों के मुताबिक यदि सर्वे के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता या अघोषित लेनदेन से संबंधित तथ्य सामने आते हैं तो कार्रवाई का स्वरूप बदला जा सकता है। ऐसी स्थिति में सर्वे को आयकर छापे की कार्रवाई में बदले जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। समाचार लिखे जाने तक सातों प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई जारी थी। विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही सर्वे में सामने आए तथ्यों और किसी संभावित वित्तीय अनियमितता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


