- 0.4 प्रतिशत प्रस्तावित शुल्क के खिलाफ कानपुर उद्योग व्यापार मंडल का प्रदर्शन; व्यापारियों ने काली पट्टी बांधकर मानव श्रृंखला बनाई, सरकार से शुल्क वापस लेने की मांग
भारत 19/ कानपुर। डिजिटल भुगतान पर प्रस्तावित MDR शुल्क के विरोध में कानपुर के व्यापारियों का आक्रोश सोमवार को घंटाघर तक पहुंचा। भारत माता प्रतिमा स्थल पर कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर व्यापारियों ने मानव श्रृंखला बनाई और काली पट्टी बांधकर 0.4 प्रतिशत प्रस्तावित शुल्क का विरोध किया।
व्यापारियों ने बताया रोजमर्रा के कारोबार का हिस्सा
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना था कि UPI भुगतान अब छोटे-बड़े कारोबार में रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। खासकर छोटे और मध्यम दुकानदारों के लिए डिजिटल भुगतान ग्राहकों से लेनदेन का प्रमुख माध्यम बन गया है। ऐसे में UPI पर शुल्क लगने से कारोबार की लागत बढ़ने और उसका अतिरिक्त बोझ व्यापारियों पर पड़ने की आशंका है। व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय उस पर किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाए और प्रस्तावित MDR शुल्क को वापस लिया जाए।
कलीम बोले, छोटे कारोबार पर पड़ेगा सीधा असर
कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहम्मद कलीम ने कहा कि UPI ने छोटे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों के लिए भुगतान की प्रक्रिया आसान की है। उनके मुताबिक डिजिटल लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने से पहले से लागत और प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहे छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग की।
चोपड़ा ने कहा, बढ़ेगी कारोबार की लागत
व्यापार मंडल के चेयरमैन सुबोध चोपड़ा ने कहा कि व्यापारियों के साथ आम जनता ने भी डिजिटल भुगतान को तेजी से अपनाया है। ऐसे समय में UPI पर MDR शुल्क लगाने से कारोबार की लागत बढ़ेगी। उन्होंने सरकार से शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग की।
तख्तियों के साथ मानव श्रृंखला बनाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर शुल्क के खिलाफ नारे लगाए। काली पट्टी बांधे व्यापारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
बड़ी संख्या में व्यापारी प्रदर्शन में रहे शामिल
प्रदर्शन में वरिष्ठ महामंत्री अनूप तिवारी, जिला अध्यक्ष आशीष सचान, कोषाध्यक्ष अमर शंकर गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद अजीम, यशपाल सिंह, मनोज कपूर, मेघराज अरोड़ा, राम प्रताप यादव, दिनेश त्रिपाठी, युवा अध्यक्ष आयुष द्विवेदी, संतोष गुप्ता, मनीष द्विवेदी, संजय यादव, नईम खान, हरद्वारी गुप्ता, राजकिशोर मिश्रा, दीपक सिंह, आलोक कौशिक, आदित्य पोद्दार, कन्हैया सिंह, आशीष अग्रवाल और मनीष गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


