- हर घर तिरंगा अभियान के कार्यक्रम में भरतनाट्यम, नाट्य मंचन और कविताओं ने जगाई राष्ट्रभक्ति; वीर बलिदानियों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सम्मानित
Bharat 19/ कानपुर। फूलबाग स्थित नाना राव पार्क गुरुवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ के साथ बड़ी संख्या में लोग हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा कंसर्ट में शामिल हुए। भरतनाट्यम, नाट्य मंचन और ओजपूर्ण कविताओं ने आजादी के संघर्ष और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की स्मृतियां ताजा कर दीं। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीर बलिदानियों के परिजनों, सेना के जवानों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नायशा अरोड़ा ने सितार पर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। ओंकारेश्वर विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ पर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। नृत्य में लय, भाव और राष्ट्रभक्ति का संगम देखने को मिला। प्रस्तुति समाप्त होते ही दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। तरंग सेवा संस्थान के कलाकारों ने नाट्य मंचन के जरिए स्वतंत्रता संघर्ष और बलिदानों की कहानी प्रस्तुत की। मंचन के माध्यम से संदेश दिया गया कि बलिदानों से मिली आजादी की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कविताओं ने भरा जोश, पत्रों ने किया भावुक
कवि सम्मेलन में मुकेश श्रीवास्तव, बृजेंद्र प्रताप सिंह और मनीष मीत ने वीर रस और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं। कविताओं ने कभी दर्शकों में जोश भरा तो कभी वीर बलिदानियों की स्मृतियों से माहौल भावुक हो गया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब स्कूली छात्र-छात्राओं ने सैनिकों के नाम अपने हाथों से लिखे पत्र सेना के जवानों को सौंपे। देश की रक्षा में जुटे जवानों के प्रति बच्चों की भावनाओं से भरे इन पत्रों ने वहां मौजूद लोगों को भी भावविभोर कर दिया।
वीर सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सम्मानित
विधायक नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नीलिमा कटियार ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति दायित्व का बोध कराता है। अरुण पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग के कारण ही देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट छात्र भी हुए पुरस्कृत
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन हिना श्रीवास्तव ने किया।


