Hot Topics

KANPUR में चावल में रंग मिलाकर बन रही थी नकली हल्दी, स्टॉक जब्त

  • पनकी की मसाला निर्माण इकाई में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹5.86 लाख का स्टॉक जब्त, छह नमूने जांच को भेजे; रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

Bharat 19 News
कानपुर।
शहर में मिलावटी मसालों के कारोबार पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान टीम को ऐसे तथ्य मिले, जिनसे संदेह हुआ कि चावल के टुकड़ों में रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था। मौके पर साबुत हल्दी उपलब्ध नहीं मिली, जबकि परिसर में हल्दी पाउडर का निर्माण चल रहा था। विभाग ने छह नमूने जांच के लिए संग्रहित करने के साथ ही 5.86 लाख रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त कर लिया है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने इस्पात नगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज पर छापेमारी की। जांच के दौरान परिसर में हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चावल के टुकड़े, रंग और अन्य कच्चा माल बड़ी मात्रा में मिला। अधिकारियों के अनुसार हल्दी का उत्पादन हो रहा था, लेकिन साबुत हल्दी नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में चावल को पीसकर उसमें पीले रंग का मिश्रण किए जाने के संकेत मिले हैं, जिसकी पुष्टि अब प्रयोगशाला जांच से होगी।

टीम ने हल्दी पाउडर, हल्दी में प्रयुक्त लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में मिलाए जाने वाले रंग तथा धनिया पाउडर समेत कुल छह नमूने लिए हैं। इन्हें खाद्य विश्लेषक के पास भेजा गया है। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मसाले खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या उनमें किसी प्रकार की मिलावट अथवा अपमिश्रण किया गया है।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने 77 बैग चावल के टुकड़े, 42 बैग हल्दी पाउडर, 30 किलोग्राम पिसा धनिया, 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर तथा 20 किलोग्राम संदिग्ध हल्दी अपमिश्रक जब्त किया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 5,86,200 रुपये आंका गया है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति है। प्रयोगशाला जांच में अनियमितता या मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News