Hot Topics

दीनानाथ की व्यथा पहुंची उप मुख्यमंत्री तक, मिली ट्राई-साइकिल

– भारत 19 में प्रकाशित खबर का लिया संज्ञान, केशव प्रसाद मौर्य ने कौशाम्बी के दीनानाथ से मिलकर सौंपी ट्राई-साइकिल

भारत 19 / प्रयागराज। डिजिटल मीडिया में प्रकाशित खबर ने कौशाम्बी के एक जरूरतमंद युवक तक सरकारी मदद पहुंचाने का रास्ता खोल दिया। भारत 19 में प्रकाशित दीनानाथ की खबर का उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संज्ञान लिया। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज में कौशांबी के सिराथू निवासी दीनानाथ से मुलाकात की और उन्हें हेलमेट सहित ट्राई-साइकिल प्रदान की।

ग्राम निजामपुर निवासी दीनानाथ, पुत्र हरिदत्त, की जुझारू जिंदगी और उनकी जरूरत को लेकर प्रकाशित खबर उप मुख्यमंत्री के संज्ञान में आई तो उन्होंने दीनानाथ से भेंट कर सहायता उपलब्ध कराई। उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि डिजिटल इंडिया का मतलब केवल तकनीक और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार नहीं है। सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया आज जनसमस्याओं को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। यदि किसी डिजिटल माध्यम पर प्रकाशित खबर किसी जरूरतमंद व्यक्ति की आवाज शासन तक पहुंचाती है और उसके बाद उसे मदद मिलती है तो यह तकनीक के जनकल्याणकारी उपयोग का बेहतर उदाहरण है।

दीनानाथ के जज्बे को बताया प्रेरणादायी

उप मुख्यमंत्री ने दीनानाथ के संघर्ष और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उनके चेहरे पर दिखाई देने वाली मुस्कान और जिजीविषा प्रेरणादायी है। परिस्थितियां कितनी भी कठिन हों, इच्छाशक्ति और संघर्ष का जज्बा व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे जुझारू लोगों का आत्मविश्वास मजबूत करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। 

‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तकनीक का लाभ’

मौर्य ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। डिजिटल माध्यमों से सामने आने वाली जनसमस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझकर उनके समाधान की दिशा में काम करने से शासन और जनता के बीच संवाद और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की डिजिटल इंडिया की परिकल्पना केवल देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना नहीं बल्कि तकनीक को सुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनकल्याण से जोड़ना भी है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News