Hot Topics

द कैफे पाई के किचन में चूहों के बिल, कारोबार बंद

  • मोतीझील के कारगिल पार्क स्थित प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई; डीप फ्रीजर और एग्जॉस्ट फैन पर जमी गंदगी, हाइजीन व्यवस्था सुधरने तक खाद्य कारोबार बंद

भारत 19
कानपुर
। मोतीझील के कारगिल पार्क स्थित द कैफे पाई के किचन में चूहों के बिल और गंदगी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबार बंद करा दिया। गुरुवार को हुई जांच में किचन की साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था बेहद खराब मिली। डीप फ्रीजर के कोनों में धूल, सब्जियों के छिलके, सॉस और मेयोनीज के अवशेष के साथ मोटी गंदगी जमा थी। फर्श और दीवारों पर भी धूल व चिकनाई मिली, जबकि एग्जॉस्ट फैन पर धूल और तेल की मोटी परत जमी थी।

किचन में मिले चूहों के बिल, नहीं था पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड

निरीक्षण के दौरान किचन में कई जगह चूहों के बिल पाए गए। प्रतिष्ठान संचालक की ओर से पेस्ट कंट्रोल से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। नियमित किचन सफाई का रिकॉर्ड भी नहीं मिला। इससे खाद्य प्रतिष्ठान में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए।

कर्मचारियों के हाइजीन प्रमाणपत्र भी नहीं मिले

जांच में खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। शेफ का हाइजीन प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर कुछ खाद्य कर्मी बिना दस्ताने और सिर ढके काम करते मिले। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसे खाद्य स्वच्छता मानकों के लिहाज से गंभीर कमी माना।

सॉस के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने ग्रीन चिली सॉस और सॉस के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सफाई और हाइजीन सुधारने तक कारोबार बंद

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह के मुताबिक निरीक्षण में किचन की हाइजीन व्यवस्था बेहद खराब मिली। पेस्ट कंट्रोल, नियमित सफाई और कर्मचारियों के स्वास्थ्य व हाइजीन से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इन कमियों को देखते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार सफाई और हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त होने तक बंद कराया गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News