Hot Topics

यूपी चुनाव से पहले कानपुर आएंगे बीएल संतोष, संगठन परखेंगे

  • 12-13 सितंबर के दो दिवसीय प्रवास में आठ जिलों की लेंगे रिपोर्ट; बूथ अध्यक्षों से सीधे फीडबैक लेकर चुनावी तैयारी और संगठन की जमीनी सक्रियता का करेंगे आकलन

भारत 19

कानपुर। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के संगठन को बूथ स्तर तक कसने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष 12 और 13 सितंबर को कानपुर पहुंचेंगे। दो दिन के प्रवास में वह कानपुर क्लस्टर के आठ जिलों के संगठन की अलग-अलग स्तर पर समीक्षा करेंगे और पदाधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे। खास नजर बूथ स्तर की सक्रियता, मतदाता संपर्क और चुनावी तैयारियों पर रहेगी। गोविंद नगर विधानसभा के बूथ अध्यक्षों से सीधे फीडबैक लेकर संगठन की जमीनी स्थिति भी परखी जाएगी। मंडल से लेकर जिला और क्षेत्रीय स्तर तक संगठन के कामकाज, आपसी समन्वय और अब तक चलाए गए अभियानों की प्रगति का आकलन होगा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारी तेज करने का संदेश भी दिया जाएगा।

श्रेणीबद्ध बैठकों में संगठन की जमीनी स्थिति परखेंगे

बीएल संतोष के प्रवास को लेकर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी बैठकों को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से कराने के निर्देश दिए। दो दिन के प्रवास में बीएल संतोष संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इनमें बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी और क्षेत्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक और विधान परिषद सदस्यों के साथ भी अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं।

गोविंद नगर के बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद

प्रवास का खास फोकस गोविंद नगर विधानसभा के बूथ स्तर के संगठन पर रहेगा। बीएल संतोष यहां बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करेंगे। इसमें बूथ समितियों की सक्रियता, मतदाता संपर्क, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी तैयारियों पर चर्चा होगी। बूथ अध्यक्षों से सीधे फीडबैक लेकर संगठन की जमीनी स्थिति भी परखी जाएगी। इससे बूथ स्तर पर चल रही गतिविधियों और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने का मौका मिलेगा।

आठ जिलों के संगठन की होगी विस्तृत समीक्षा

कानपुर क्लस्टर में कानपुर महानगर उत्तर, कानपुर महानगर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण, कानपुर देहात, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद और औरैया जिले शामिल हैं। बीएल संतोष के प्रवास के दौरान इन सभी जिलों के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा होगी। बूथ से लेकर जिला और क्षेत्रीय स्तर तक संगठन की सक्रियता, चुनावी तैयारियों और आपसी समन्वय पर फोकस रहेगा। अब तक चलाए गए संगठनात्मक अभियानों की प्रगति, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी गतिविधियों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।

चुनावी तैयारियों के साथ संगठन को नई दिशा

भाजपा के लिए बीएल संतोष का कानपुर प्रवास इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि श्रेणीबद्ध बैठकों के जरिए संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय और जमीनी सक्रियता का आकलन किया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों को और धार देने पर जोर रहेगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन का कानपुर प्रवास संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला होगा। भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूती के साथ काम कर रहा है और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से मैदान में उतारा जाएगा।

तैयारी बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, आनंद सिंह, शिव सिंह भारती, राजेश पटेल, नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, अमित समाधिया, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News