- 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अभियान, ग्राम चौपालों में समस्याओं का निस्तारण; पीएम आवास, ग्रामीण रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
भारत 19
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गांवों में सरकारी योजनाओं की पहुंच और लाभार्थियों तक उनकी डिलीवरी तेज करने के लिए सेवा पखवाड़ा चलाया जाएगा। 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में ग्राम चौपालों के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने और पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर रहेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, ग्रामीण रोजगार, बुनियादी ढांचे और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाएं अभियान के केंद्र में रहेंगी।
सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक कर सेवा पखवाड़े की तैयारियों और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं ग्रामीण विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित कैंप कार्यालय से बैठक में वर्चुअल भाग लिया।
ग्राम चौपालों में मौके पर सुलझेंगी समस्याएं
बैठक में तय किया गया कि सेवा पखवाड़े के दौरान सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति और प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ग्राम चौपालों को इसके लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जाएगा। यहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ उनका यथासंभव मौके पर निस्तारण कराने और योजनाओं की अंतिम छोर तक डिलीवरी सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों से ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सेवा पखवाड़े को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों को जमीन पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अवसर बताया।
पीएम आवास से ग्रामीण रोजगार तक फोकस
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत स्वीकृत आवासों को समय से पूरा कराने और लाभार्थियों तक संबंधित सहायता सीधे पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ग्रामीण सड़कों, खेल मैदानों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में भी तेजी लाने पर जोर रहेगा। ‘विकसित भारत-जी राम जी’ समेत ग्रामीण रोजगार से जुड़े अन्य अभियानों को भी सेवा पखवाड़े के दौरान गति देने की योजना है।
लखपति दीदी और महिला समूहों पर भी जोर
अभियान में लखपति दीदी और महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कौशल विकास, आजीविका के नए अवसर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाए और योजनाओं की समयबद्ध एवं पारदर्शी डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
सेवा पखवाड़े की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी और यह महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगा। 17 सितंबर को शाम सात बजे दीप जलाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इस दौरान सेवा, जनभागीदारी और कल्याणकारी गतिविधियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने की तैयारी है। अभियान का प्रमुख उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक अंतिम छोर तक पहुंचाना और ग्रामीण समस्याओं के समाधान को स्थानीय स्तर पर तेज करना है।


