- मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक तक निर्माण की धीमी रफ्तार से कारोबार प्रभावित, व्यापारियों ने दीपावली से पहले सड़क दुरुस्त कराने की मांग की
भारत 19
कानपुर। किदवई नगर में सीएम ग्रिड के अधूरे और धीमी गति से चल रहे निर्माण ने बाजार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक तक सड़क की बदहाल स्थिति से व्यापारियों और ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सड़क हादसे में व्यापारी सुनील मिश्र के घायल होने के बाद मंगलवार को भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल और किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दुर्घटनास्थल पर प्रदर्शन कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। व्यापारियों ने सुनील मिश्र के उपचार और कारोबार में हुए नुकसान का मुआवजा देने के लिए नगर आयुक्त को ज्ञापन भी भेजा।
हादसे के बाद फिर उठी सड़क दुरुस्त कराने की मांग
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि तीन सितंबर को एक्सप्रेस रोड के व्यापारी सुनील मिश्र दुकान से वाई-ब्लॉक, किदवई नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक की ओर जाने वाली सीएम ग्रिड की क्षतिग्रस्त सड़क पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में उनके दाहिने पैर की हड्डी दो स्थानों पर टूट गई। ज्ञानेश मिश्र के मुताबिक मंगलवार को सुनील मिश्र ऑपरेशन के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान व्यापारी दुर्घटनास्थल पर एकत्र हुए और सड़क की स्थिति को लेकर विरोध जताया। व्यापारियों ने कहा कि निर्माण की धीमी गति और सड़क की बदहाली का असर अब बाजार की गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।
ऑपरेशन के बाद दो महीने प्रभावित रहेगा कारोबार
ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि सुनील मिश्र के पैर का ऑपरेशन होना है, जिसमें प्लेट डाली जाएगी। उपचार में काफी खर्च आएगा। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के बाद करीब दो महीने तक उन्हें चलने-फिरने और दुकान तक जाने में परेशानी होगी। ऐसे में कारोबार प्रभावित होने के साथ आय का भी नुकसान होगा। व्यापारियों ने मांग की कि सड़क की खराब स्थिति से हुई दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए सुनील मिश्र के उपचार का खर्च और कारोबार प्रभावित होने से हुए नुकसान को ध्यान में रखकर उचित मुआवजा दिया जाए।
निर्माण की धीमी रफ्तार से बाजार प्रभावित
किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक शुक्ला ने कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है। उन्होंने मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक, किदवई नगर तक सीएम ग्रिड के तहत चल रहे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की। युवा अध्यक्ष विनायक पोद्दार और युवा वरिष्ठ महामंत्री प्रखर श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम ग्रिड के निर्माण की धीमी गति और बदहाल सड़कों से मार्बल मार्केट सहित किदवई नगर का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाकर दीपावली से पहले सड़क दुरुस्त कराने की मांग की।
व्यापारियों ने सड़क की स्थिति, निर्माण की धीमी गति और उससे कारोबार पर पड़ रहे असर को लेकर नगर आयुक्त को ज्ञापन भेजा। उनका कहना है कि दीपावली से पहले बाजार में खरीदारी का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में सड़क की स्थिति जल्द सुधरना जरूरी है, ताकि व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों और आवागमन भी सुचारु हो सके। प्रदर्शन में पवन गौड़, जयकुमार शर्मा टीटू, शरद मिश्र, गौरव भदौरिया, ओमप्रकाश गुप्ता, दिनेश त्रिपाठी, राकेश गुप्ता, आशू मल्होत्रा, मोहित मिश्र और हर्षित मिश्र आदि मौजूद रहे।


