Hot Topics

चालीस दुकान में बार-बार सीवर बैक, व्यापारी परेशान

  • पुराने तरीके से सफाई का व्यापारियों ने किया विरोध, सुपर सकर मशीन से गहन सफाई की मांग, जल निगम आज रात मशीन भेजकर सफाई कराने को तैयार

भारत 19/ कानपुर। चालीस दुकान चौराहे पर बार-बार सीवर बैक मारने और जलभराव की समस्या से व्यापारी परेशान हैं। बुधवार को पुराने तरीके से सीवर की सफाई शुरू कराए जाने पर व्यापारियों ने विरोध किया। उनका कहना था कि इस तरीके से पहले भी कई बार सफाई हो चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद सीवर फिर बंद हो जाता है और गंदा पानी बाजार में भर जाता है। व्यापारियों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए सुपर सकर मशीन से सीवर की गहन सफाई कराने की मांग की।

सफाई शुरू होने पर मौके पर पहुंचे व्यापारी

सफाई कार्य शुरू होने की जानकारी मिलने पर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, दक्षिण उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल उत्तम, किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक शुक्ला, वरिष्ठ महामंत्री राजकुमार गुप्ता, युवा अध्यक्ष विनायक पोद्दार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयकुमार शर्मा और जिला टास्क फोर्स संयोजक पवन गौड़ समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने कहा कि चालीस दुकान बाजार में सीवर बैक मारने की समस्या पुरानी है। सीवर बंद होने पर सड़क और दुकानों के सामने गंदा पानी भर जाता है, जिससे कारोबार प्रभावित होता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। व्यापारियों का कहना था कि पुराने तरीके से सफाई कराने पर कुछ समय के लिए राहत जरूर मिलती है, लेकिन सीवर में जमा गंदगी पूरी तरह साफ नहीं होने के कारण समस्या दोबारा सामने आ जाती है। इसलिए इस बार सीवर की गहन सफाई जरूरी है।

सुपरवाइजर से भी मशीन से सफाई कराने की मांग

मौके पर मौजूद सफाई कार्य की सुपरवाइजर से व्यापारियों ने कहा कि इस बार पुराने तरीके के बजाय सुपर सकर मशीन से सफाई कराई जाए। सुपरवाइजर ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से बात करने का सुझाव दिया। इसके बाद ज्ञानेश मिश्र ने जल निगम के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी से फोन पर वार्ता कर व्यापारियों की समस्या बताई और सुपर सकर मशीन से सफाई कराने का आग्रह किया। जल निगम के महाप्रबंधक ने बुधवार रात ही सुपर सकर मशीन भेजकर सीवर की सफाई कराने का आश्वासन दिया। इ

बार-बार सीवर बंद होने का कारण तलाशने की मांग

ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि व्यापारियों की मांग सिर्फ तत्काल सीवर सफाई तक सीमित नहीं है। चालीस दुकान चौराहे पर बार-बार सीवर बंद होने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इससे व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी होती है। उन्होंने जल निगम के महाप्रबंधक से कहा कि सीवर की गहन सफाई के साथ यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि बार-बार सीवर बंद होने का मूल कारण क्या है, ताकि सफाई के बाद कुछ समय में समस्या दोबारा न खड़ी हो।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News