Hot Topics

कन्नौज के पांच आयुष्मान आरोग्य मंदिर हुए AI लैस

  • समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने विधायक निधि से उपलब्ध कराए एआई डिजिटल ईसीजी, डिजिटल स्टेथोस्कोप और फीटल डॉपलर

भारत 19
कन्नौज
। गांव और मोहल्ले के लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कन्नौज में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ा गया है। सदर विधानसभा क्षेत्र के पांच आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को स्वास्थ्य केंद्रों पर एआई डिजिटल ईसीजी, डिजिटल स्टेथोस्कोप और डिजिटल फीटल डॉपलर जैसे उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। ग्रामीण और वंचित वर्ग के मरीजों को छोटी और जरूरी जांचों के लिए जिला अस्पताल या निजी केंद्रों तक न जाना पड़े, इसलिए प्रदेश सरकार में समाज कल्याण  राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने ये उपकरण अपनी विधायक निधि से उपलब्ध कराए हैं।

प्राथमिक स्तर पर जांच की सुविधा

नई व्यवस्था के जरिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों की प्राथमिक जांच को अधिक आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की कोशिश की गई है। डिजिटल फीटल डॉपलर गर्भावस्था के दौरान भ्रूण की हृदय गति की निगरानी में उपयोगी होगा। गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य निगरानी को भी बेहतर बनाने में इससे मदद मिलेगी। एआई उपकरण लगाने का उद्देश्य गंभीर बीमारियों के शुरुआती संकेतों की पहचान करना है। समय रहते बीमारी के लक्षण पता होने पर मरीज को जरूरत के अनुसार आगे की जांच या उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा जा सकेगा। इससे प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था और जिला स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं के बीच समय पर रेफरल और उपचार की प्रक्रिया को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मरीजों को सामान्य जांचों और प्राथमिक चिकित्सकीय परामर्श के लिए बार-बार जिला अस्पताल या निजी जांच केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों का आवागमन का खर्च और समय बचेगा। 

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सुविधा

मंत्री ने कहा कि तकनीक के दौर में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाना समय की मांग है। कन्नौज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार और उनकी प्राथमिकता है। कन्नौज के पांच आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, तकनीक आधारित और समयबद्ध बनाना है। स्थानीय स्तर पर जांच की क्षमता बढ़ने से मरीजों को शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिल सकेगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय रहते उच्च स्वास्थ्य केंद्रों तक रेफर किया जा सकेगा।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News