Hot Topics

घाटमपुर में सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर विवाद, विधायक के पीआरओ समेत दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के रार गांव में सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, तोड़फोड़ और सामान छीनने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

KANPUR/ कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के रार गांव में शनिवार दोपहर सड़क पर खड़ी एक कार को हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में विधायक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) मनीष तिवारी के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने देर शाम घाटमपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पहला पक्ष का आरोप?

रार गांव निवासी मनीष तिवारी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह शनिवार दोपहर कार से अपने घर जा रहे थे। उनके अनुसार घर से कुछ दूरी पहले सड़क पर एक कार खड़ी थी, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो रहा था मनीष तिवारी का आरोप है कि उन्होंने काफी देर तक हार्न बजाया, लेकिन वाहन नहीं हटाया गया। इसके बाद जब वह वाहन चालक को बुलाने के लिए बाहर निकले तो कुछ देर बाद प्रतीक मिश्रा मौके पर पहुंचे। तहरीर के अनुसार, कार हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। मनीष तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट की गई और डंडे से हमला किया गया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। उन्होंने सोने की चेन और अंगूठी छीनने का आरोप भी लगाया है।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप

दूसरे पक्ष के प्रतीक मिश्रा ने भी पुलिस को शिकायत दी है। उनका आरोप है कि विवाद के दौरान मनीष तिवारी और उनके साथ मौजूद लोगों ने उनकी कार को नुकसान पहुंचाया। प्रतीक मिश्रा का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनकी चेन और चांदी का ब्रेसलेट छीन लिया गया।

विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग की

मामले को लेकर अपना दल (एस) की विधायक सरोज कुरील ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच करने को कहा है। विधायक ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घाटमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी में सड़क पर खड़ी कार को हटाने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घाटमपुर के रार गांव में सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच गंभीर झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, तोड़फोड़ और सामान छीनने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News