- फिल्म ‘हनुमान अंश’ के पार्श्वगायक ने हनुमान, श्रीराम और कृष्ण भजनों से बांधा समां; ‘सीता राम गाइये’ पर विद्यार्थियों ने तालियों से दिया साथ, विश्वविद्यालय ने 21 हजार रुपये देकर किया सम्मानित
भारत 19
कानपुर। सीएसजेएमयू में शुक्रवार शाम सुर और भक्ति का ऐसा संगम दिखा, जिसमें फिल्म हनुमान अंश के पार्श्वगायक एवं लोकगायक सुनील लोधी के भजनों पर विद्यार्थी और शिक्षक झूम उठे। ‘सीता राम गाइये’ समेत भक्ति गीतों की प्रस्तुति के दौरान तालियों और जय श्रीराम के जयकारों से परिसर गूंजता रहा। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय ने सुनील लोधी को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया।
सुनील लोधी ने कार्यक्रम की शुरुआत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डारी दई’ से की। इसके बाद ‘संकट के कटईया हनुमान’ और ‘सीता राम गाइये’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने कृष्ण भजनों के जरिए भी माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया और कई गीतों में साथ भी दिया।

प्रतिभा को पहचानने और आगे बढ़ाने पर जोर
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण परिवेश से आने वाले और दृष्टिबाधित होने के बावजूद सुनील लोधी ने अपनी गायकी के दम पर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि समाज और संस्थानों की जिम्मेदारी है कि ऐसी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए।
कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय की ओर से सुनील लोधी को 21 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. वंदना पाठक, सुनील लोधी के चाचा रोहित साहू, रजिस्ट्रार राकेश मिश्रा, सहायक रजिस्ट्रार प्रमोद मिश्रा, सरस कपूर, डीएसडब्ल्यू प्रो. अंशु यादव, चीफ प्रॉक्टर प्रो. शशिकांत त्रिपाठी, डॉ. शिवांशु सचान, मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


