- टाटमिल से घंटाघर जाते समय ऑटो में रुपये निकलने का आरोप; व्यापारी ने संदिग्ध का हाथ पकड़ा तो धक्का देकर भागा, सुतरखाना चौकी में तहरीर
भारत 19
कानपुर। हमीरपुर से कारोबार के सिलसिले में कानपुर आए किराना व्यापारी पुरुषोत्तम दास शिवहरे की ऑटो में जेब कट गई। टाटमिल चौराहे से घंटाघर जाते समय ऑटो में रुपये निकालने का पता चलने पर उन्होंने उसमें सवार एक संदिग्ध का हाथ पकड़ लिया। दोनों के बीच हाथापाई हुई, लेकिन संदिग्ध व्यापारी को धक्का देकर भाग निकला। घटना के बाद व्यापारी ने कार्रवाई के लिए पुलिस से संपर्क किया।
घंटाघर पहुंचते ही रुपये गायब होने का पता चला
पुरुषोत्तम दास शिवहरे के मुताबिक वह बस से कानपुर आए थे। टाटमिल चौराहे पर उतरने के बाद घंटाघर के लिए ऑटो लिया। ऑटो में पहले से एक व्यक्ति बैठा था, जबकि रास्ते में एक और व्यक्ति सवार हो गया। व्यापारी दोनों के बीच बैठे थे। घंटाघर पहुंचने के बाद जेब में रुपये न होने का पता चला। उन्हें संदेह हुआ तो उन्होंने तत्काल ऑटो में सवार एक व्यक्ति का हाथ पकड़ लिया। व्यापारी के मुताबिक इसके बाद दोनों में हाथापाई हुई, लेकिन संदिग्ध उन्हें धक्का देकर भाग गया।
व्यापारी ने मांगी मदद, पुलिस को दी सूचना
घटना से परेशान व्यापारी ने भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता से संपर्क किया। उन्होंने मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। विनोद गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी और व्यापारी के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद व्यापारी की तहरीर सुतरखाना चौकी में दिलाई गई।
संदिग्ध की पहचान में जुटी पुलिस
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के दौरान ऑटो में मौजूद लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। व्यापारी की ओर से पकड़े गए संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की गई है। विनोद गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं में जल्द कार्रवाई जरूरी है, ताकि कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे। घटना के दौरान नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेष नारायण त्रिवेदी ‘पप्पू’, राकेश सिंह, संजय त्रिवेदी, विशाल अग्रवाल, पवन दुबे, मनोज गुप्ता, गोपाल दोसर, दिनेश गुप्ता, पिंकू जायसवाल और दीपक खन्ना समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।


