Hot Topics

UPI MDR के विरोध में 10 अक्टूबर को मार्च

  • कानपुर के व्यापारी नाना राव पार्क से मंडलायुक्त कार्यालय तक करेंगे पैदल मार्च; प्रधानमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन, प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग

भारत 19/ कानपुर। यूपीआई भुगतान पर 15 अक्टूबर से प्रस्तावित एमडीआर शुल्क के विरोध में कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर के व्यापारी 10 अक्टूबर को पैदल मार्च करेंगे। व्यापारी नानाराव पार्क स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से मंडलायुक्त कार्यालय तक मार्च निकालकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।

नानाराव पार्क से मंडलायुक्त कार्यालय तक मार्च

कलेक्टरगंज स्थित कैंप कार्यालय में बुधवार को जिला अध्यक्ष सुनील बजाज की अध्यक्षता में हुई व्यापार मंडल की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक का संचालन महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी ने किया। उन्होंने बताया कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता और राष्ट्रीय महामंत्री मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर 10 अक्टूबर को देशभर में विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कानपुर में व्यापारी नाना राव पार्क स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्र होंगे। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे और यूपीआई पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क वापस लेने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।

छोटे कारोबारियों और ग्राहकों पर बोझ की जताई आशंका

बैठक में व्यापारियों ने यूपीआई भुगतान पर एमडीआर लगाए जाने के प्रस्ताव पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बाद अब इस पर शुल्क लगाए जाने से छोटे कारोबारियों और ग्राहकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई भुगतान का इस्तेमाल बाजार में तेजी से बढ़ा है। ऐसे में भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क का असर छोटे कारोबारियों के कारोबार और ग्राहकों की लागत पर पड़ने की आशंका है। बैठक में आने वाले त्योहारों के दौरान बाजार में कारोबार से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने प्रशासन से बाजारों में बेहतर व्यवस्था करने और त्योहारों के दौरान कारोबार के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की मांग की।

श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर बनेगा चौक

बैठक में महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी ने संगठन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद और भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक श्याम बिहारी मिश्रा की प्रतिमा स्थापित किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि श्याम बिहारी मिश्रा की प्रतिमा कलेक्टरगंज स्थित विजया बैंक चौराहे पर स्थापित की जाएगी। इस स्थान को श्याम बिहारी मिश्रा चौक के नाम से विकसित किए जाने की योजना है।
बैठक में रामेश्वर गुप्ता, सुशील गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, मोहम्मद कामिल, एहसान हजारी, हरे राम ठाकुर, प्रदीप द्विवेदी, संजय त्रिवेदी, संतोष शर्मा, मयंक यादव, हिमांशु राठौर, सौरभ त्रिवेदी, योगेश गुप्ता, राजीव अग्रवाल, रामकृपाल जायसवाल, श्याम अग्रहरि, धर्मेंद्र त्रिवेदी, रजत गुप्ता, राजेश गुप्ता और गुलशन जायसवाल आदि मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News