Hot Topics

सीएसजेएमयू में बनेगा गांधी शोध एवं सेवा प्रकोष्ठ

  • गांधी-शास्त्री जयंती पर कुलपति प्रो. विनय पाठक ने की घोषणा, प्रकोष्ठ के लिए 10 लाख रुपये, एआई दौर में मानवीय मूल्यों पर जोर

भारत 19

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन, विचारों और योगदान पर शोध तथा सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘महात्मा गांधी शोध एवं सेवा प्रकोष्ठ’ स्थापित किया जाएगा। गांधी-शास्त्री जयंती पर विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल सेंटर हॉल में आयोजित समारोह में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इसकी घोषणा की। उन्होंने प्रकोष्ठ के संचालन के लिए 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की।

एआई के दौर में सत्य और अहिंसा की जरूरत

प्रकोष्ठ का समन्वय स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के सहायक आचार्य डॉ. मानस उपाध्याय करेंगे। इसका उद्देश्य गांधी के विचारों को अकादमिक शोध और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना होगा। समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं विचारक प्रो. गणेश बागड़िया ने कहा कि सत्य, न्याय, प्रेम, करुणा, स्नेह, धर्म, सहअस्तित्व और समत्व जैसे मूल्य मानवीय संस्कृति की बुनियाद हैं। गांधी का जीवन इन मूल्यों को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देता है।

विशिष्ट अतिथि आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने गांधी के सादगीपूर्ण जीवन, स्वच्छता, संयम और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को अपनाने पर जोर दिया। कुलपति प्रो. विनय पाठक ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में सत्य, अहिंसा और मानवीय मूल्यों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास के साथ समाज में मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मूल्यों को बनाए रखना भी जरूरी है।

विद्यार्थियों ने स्वच्छता से खादी तक दिए संदेश

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। ‘युवाओं के लिए गांधी जी का संदेश’ विषय पर एआई आधारित वीडियो दिखाया गया। इसके अलावा ‘गांधी और खादी : सादगी से सतत फैशन’ विषय पर खादी फैशन शो आयोजित किया गया। राम भजन की प्रस्तुति भी समारोह का आकर्षण रही।

स्वच्छता और बागवानी में सम्मान

विश्वविद्यालय के छात्रावासों के बीच आयोजित स्वच्छता अभियान में गंगा छात्रावास प्रथम रहा। शिवाजी और सरस्वती छात्रावास संयुक्त रूप से दूसरे तथा त्रिवेणी छात्रावास तीसरे स्थान पर रहा। बागवानी में उत्कृष्ट योगदान के लिए लक्ष्मी और नरेश चंद्र शुक्ला को सम्मानित किया गया। स्वच्छता में सराहनीय कार्य के लिए सफाईकर्मी अन्नू और शिवम को सम्मान मिला।
कार्यक्रम में कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र, सीडीसी निदेशक प्रो. राजेश द्विवेदी, डीन अकादमिक प्रो. वृष्टि मित्रा, परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार, मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव ने किया।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News