–चार लेन आरओबी के साथ जीटी रोड पर फोर लेन और घंटाघर रोड पर टू लेन फ्लाईओवर बनेगा, दिसंबर तक यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी करने की डेडलाइन
भारत 19
कानपुर। जरीब चौकी के जाम से राहत की बड़ी परियोजना अब जमीन पर उतरने की तैयारी में है। करीब 320 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे क्रॉसिंग पर चार लेन रेल ओवरब्रिज (आरओबी), जीटी रोड पर फोर लेन और घंटाघर रोड पर टू लेन फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण की राह में आ रही सीवर लाइन समेत अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग को दिसंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
डीएम ने मौके पर पहुंचकर परखी तैयारी
बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और जरीब चौकी क्षेत्र में सीवर लाइन शिफ्टिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और दिसंबर तक यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी कराने के निर्देश दिए।
चार हिस्सों में हटाई जा रही सीवर लाइन
परियोजना के लिए सीवर लाइन को अलग-अलग हिस्सों में शिफ्ट किया जा रहा है। ममता साड़ी से जरीब चौकी तक कालपी रोड पर 591 मीटर, जरीब चौकी से रामा देवी की ओर भाटिया मोटर्स तक 442 मीटर, वारसी फर्नीचर से जरीब चौकी की ओर घंटाघर रोड पर 520 मीटर और ट्रेंड्स शोरूम से जरीब चौकी की ओर जीटी रोड पर 523 मीटर सीवर लाइन शिफ्ट की जानी है।
यूटिलिटी शिफ्टिंग के बाद तेज होगा मुख्य निर्माण
जरीब चौकी क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए प्रस्तावित आरओबी और फ्लाईओवर परियोजना में यूटिलिटी शिफ्टिंग अहम चरण है। प्रशासन की कोशिश है कि यह काम तय समयसीमा में पूरा हो, जिससे मुख्य निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में बाधा न आए।
जीटी रोड और घंटाघर रोड को भी मिलेगा फायदा
परियोजना का असर सिर्फ रेलवे क्रॉसिंग तक सीमित नहीं रहेगा। जीटी रोड पर फोर लेन और घंटाघर रोड पर टू लेन फ्लाईओवर बनने से जरीब चौकी के आसपास यातायात प्रवाह बेहतर करने की योजना है। करीब 320 करोड़ रुपये की यह परियोजना शहर के इस प्रमुख जाम वाले हिस्से में आवाजाही आसान करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।


