- डंपिंग साइट पर मिले रैपर और पैकेट से इस्पात नगर की सुधा सेल्स तक पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम
भारत 19
कानपुर। पनकी में सार्वजनिक स्थान पर एक्सपायर्ड टॉफियां फेंकने के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई अब उस फर्म तक पहुंच गई है, जिसका सुराग मौके पर पड़े रैपर और मूल पैकेट से मिला। जांच के बाद पनकी के इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स को सील कर दिया गया है।
घटना एक दिन पहले सामने आई थी, जब पनकी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड टॉफियां सार्वजनिक स्थान पर फेंकी मिली थीं। इस दौरान कुछ लोग इन्हें बोरों और बैग में भरकर ले जाते भी दिखाई दिए थे। मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से मिले रैपर और पैकेट के आधार पर जांच शुरू की। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह के अनुसार, जांच के दौरान मौके से मिले रैपर और मूल पैकेट की पड़ताल की गई। इसी आधार पर संबंधित उत्पाद का जुड़ाव पनकी के इस्पात नगर स्थित सुधा सेल्स से सामने आया। उसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम फर्म पहुंची, लेकिन संचालक के शहर से बाहर होने की जानकारी मिली। टीम ने प्रतिष्ठान को सील कर दिया और संचालक को वापस लौटने पर विभाग से संपर्क करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के बाद ही खुलेगा प्रतिष्ठान
खाद्य सुरक्षा विभाग अब फर्म का निरीक्षण करेगा। जांच और निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू करने की अनुमति पर निर्णय लिया जाएगा। विभाग ने सील से छेड़छाड़ करने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
अब एक्सपायर्ड टॉफियों की पूरी कड़ी खंगालेगी जांच
पनकी में फेंकी गई एक्सपायर्ड टॉफियों से शुरू हुई जांच फिलहाल सुधा सेल्स तक पहुंच चुकी है। अब यह पड़ताल अहम होगी कि एक्सपायर्ड स्टॉक फर्म के पास कब से था, उसके निस्तारण की क्या व्यवस्था की गई और खाद्य सामग्री को नियमानुसार नष्ट करने के बजाय सार्वजनिक स्थान तक पहुंचने की जिम्मेदारी किस स्तर पर तय होती है।
