Hot Topics

कानपुर की सड़कों पर स्टंटबाजों की खैर नहीं, चलेगा विशेष अभियान

  • गांवों में बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने वालों पर भी शिकंजा, अतिक्रमण पर ढिलाई में पीडब्ल्यूडी के दो अभियंताओं से जवाब तलब

भारत 19
कानपुर।
सड़क को रेसिंग ट्रैक समझकर बाइक दौड़ाने और स्टंट दिखाने वालों की अब खैर नहीं। शहर में स्टंटबाज बाइकर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलेगा तो गांवों की सड़कों पर बिना हेलमेट फर्राटा भरने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई के बावजूद लापरवाही नहीं थमने पर प्रशासन ने अब प्रवर्तन अभियान और तेज करने का फैसला किया है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में साफ संकेत दिया गया कि अब केवल चालान काटकर कार्रवाई पूरी नहीं मानी जाएगी। स्टंट, रॉन्ग साइड, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और नंबर प्लेट छिपाकर चलने वाले वाहन प्रशासन के निशाने पर रहेंगे। पुलिस और परिवहन विभाग को लगातार सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों की जांच बढ़ाई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि शहर की तुलना में बाहरी और ग्रामीण इलाकों में हेलमेट नियमों के पालन को लेकर ज्यादा लापरवाही बरती जाती है। अब अभियान का दायरा इन क्षेत्रों तक बढ़ाया जाएगा।

स्टंट से ओवरलोडिंग तक, सड़क पर चलेगा संयुक्त अभियान

बैठक में एनएच-34 पर उपखनिज ढोने वाले वाहनों की ओवरलोडिंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समीक्षा में सामने आया कि कुछ वाहन चालक पहचान से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपा लेते हैं या उसे अस्पष्ट कर देते हैं। जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग के खिलाफ सघन जांच के साथ हर वाहन की नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से दिखाई देना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। यानी अब वजन सीमा तोड़ने के साथ वाहन की पहचान छिपाने की कोशिश करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

सड़क का अतिक्रमण नहीं बता सके, दो अभियंताओं से जवाब तलब

सड़क सुरक्षा की बैठक में पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिकारी अपनी सड़कों पर अतिक्रमण की स्पष्ट स्थिति तक नहीं बता सका। इस पर नाराज जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्रा से स्पष्टीकरण तलब कर लिया। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अखंडेश्वर प्रसाद ने अपने डिवीजन में अतिक्रमण चिह्नित होने की जानकारी दी, लेकिन सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उनसे भी स्पष्टीकरण तलब करते हुए नियमानुसार कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। रामादेवी से कल्याणपुर मार्ग पर भी अतिक्रमण चिन्हीकरण और हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिह्नित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानकारी दी, जिस पर जिलाधिकारी ने बाकी स्थानों पर भी अभियान में तेजी लाने को कहा।

स्कूल वाहन चालक की आंखों से लेकर चरित्र तक होगी जांच

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत प्रत्येक स्कूली वाहन चालक का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। चालकों की आंखों की जांच भी कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूली वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए और इसकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों को लेकर भी अभियान चलाया जाएगा।

हादसे में मदद करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद से जुड़ी राहवीर योजना और पीएम राहत जन आरोग्य योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने की योजना का व्यापक प्रचार किया जाए। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार की व्यवस्था से आम लोगों को अवगत कराने और चिह्नित अस्पतालों में उन्हें समय पर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News