कानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नौ अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित 45वें राष्ट्रीय अधिवेशन एवं भामाशाह सम्मान दिवस में शामिल होने के लिए कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी शनिवार को दिल्ली रवाना हुए। जिलाध्यक्ष सुनील बजाज के नेतृत्व में व्यापारी ट्रेन और निजी वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
राष्ट्रीय अधिवेशन में कानपुर से जुड़े बंद मिलों, व्यापारियों के उत्पीड़न और सीएम ग्रिड की अव्यवस्था के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। जिलाध्यक्ष सुनील बजाज बंद मिलों से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी व्यापारियों के उत्पीड़न का मुद्दा रखेंगे, जबकि सुरेश गुप्ता कानपुर नगर में सीएम ग्रिड की अव्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव को अधिवेशन में प्रस्तुत करेंगे। कानपुर से अधिवेशन में शामिल होने वालों में महेंद्र गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, अशोक अग्रवाल, उदयभान सिंह, सुशील गुप्ता, शरद गुप्ता टोनी, राजेश गुप्ता, मोहम्मद यासीन चंद, सतीश गुप्ता, संदीप गुप्ता, सोनी राठौर, भूपेंद्र गुप्ता, राजू गुप्ता, इस्लाम उल्ला, मो. असलम, जाजिब इलाही, सालिक इलाही, संतोष शर्मा और गुलशन जायसवाल आदि शामिल हैं।


