रिपोर्ट: राजीव सक्सेना | भारत 19 न्यूज़ | कानपुर
कानपुर। आयकर रिटर्न को फाइल करने की अंतिम तारीख आज ही है। अब रिटर्न फाइल करने के लिए कुछ घंटे ही बाकी हैं। जिन्होंने अपना रिटर्न अभी तक दाखिल नहीं किया है तो उनको अंतिम समय में बहुत सावधानी दिखानी होगी, क्योंकि अगर रिटर्न फाइल करने में कोई गलती हुई तो वे उसमें संशोधन नहीं कर सकेंगे। जिन आयकरदाताओं की आमदनी व्यापार व प्रोफेशनल के रूप में नहीं है, यानी वे वेतनभोगी हैं, उन्हें अपना आयकर रिटर्न 31 जुलाई 2026 तक दाखिल करना है।
एक अगस्त से धारा 234 एफ के तहत लेट फीस चुकानी होगी
अब जो करदाता अगले कुछ घंटों में अपना रिटर्न फाइल नहीं करेंगे तो उन्हें एक अगस्त से धारा 234 एफ के तहत लेट फीस चुकानी होगी। इसके बाद ही वे रिटर्न दाखिल कर सकेंगे। 31 जुलाई के बाद रिटर्न फाइल करने वालों को यह भी ध्यान रखना होगा कि उनकी कर योग्य आय कितनी है। कर योग्य आय ही बताएगी कि उन्हें कितनी लेट फीस देनी होगी। यदि कर योग्य आय पांच लाख रुपये से अधिक है, तो उन्हें पांच हजार रुपये लेट फीस जमा करनी होगी। अगर कर योग्य आमदनी पांच लाख रुपये से कम है, तब उन्हें एक हजार रुपये लेट फीस चुकानी होगी।
बात सिर्फ इतने पर ही नहीं रुक जाएगी, इसके बाद भी बहुत सारी समस्याएं हैं जो उनके सामने आने वाली हैं। वे निर्धारित समय के बाद रिटर्न दाखिल करेंगे, उसमें किसी तरह से गणना की कोई गड़बड़ी हो गई, छूट दावा करने से रह गया या कर योग्य आमदनी घोषित करने से रह गई, तो वे इस आयकर रिटर्न को संशोधित नहीं कर सकेंगे। जो करदाताओं अपने रिटर्न समय से दाखिल करेंगे, वे 31 दिसंबर 2026 तक अपने रिटर्न में संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें यदि एक जनवरी 2027 से 31 मार्च 2027 के बीच संशोधन करने की जरूरत पड़ी तो लेट फीस जमा करने के बाद ही संशोधन किया जा सकेगा।
समय से रिटर्न ना दाखिल करने का एक बड़ा नुकसान और भी है। रिटर्न यदि समय से दाखिल नहीं है, तब वेतन से लेकर अन्य स्रोतों से होने वाली हानि, कैपिटल गेन या गृह संपत्ति से होने वाली हानि की राशि अगले आठ वर्षों की आमदनी से समायोजित नहीं की जा सकेगी।
चार्टर्ड अकाउंटेंट शिवम ओमर के मुताबिक जो व्यापारी, उद्यमी या प्रोफेशनल लोग हैं, उनके पास 31 अगस्त 2026 तक रिटर्न दाखिल करने का समय है। जिन कारोबारी या प्रोफेशन लोगों की लेखा बहियों का अनिवार्य रूप से टैक्स आडिट होना है, उनके आयकर रिटर्न दाखिल करने की तिथि 31 अक्टूबर 2026 है। इसके लिए उन्हें चार्टर्ड अकाउंटेंट से अपनी टैक्स आडिट रिपोर्ट 30 सितंबर 2026 तक आयकर पोर्टल पर अपलोड करानी होगी।


