- प्रेमानंद महाराज के प्रति गहरी श्रद्धा के कारण आश्रम जाने की बात; फलाहारी महाराज ने 2023 में पहली यात्रा के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाने का लगाया था आरोप, कोहली के प्रवक्ता ने दावे को निराधार बताया
भारत 19/ मथुरा। प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की जांच के बीच क्रिकेटर विराट कोहली के वृंदावन स्थित आश्रम से जुड़ाव को लेकर नया विवाद सामने आया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी महाराज ने दावा किया था कि कोहली को पहली बार प्रेमानंद महाराज के आश्रम ले जाने के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। अब कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह झूठा, निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।
प्रेमानंद महाराज से 2023 से जुड़ा है कोहली परिवार
कोहली के प्रवक्ता ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि विराट प्रेमानंद महाराज से गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलते हैं। प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज के दावे को स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा कि कोहली की आश्रम यात्राओं को किसी आर्थिक लेन-देन से जोड़ना गलत है। साथ ही मीडिया संस्थानों से ऐसे दावों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उनकी तथ्य-जांच करने की अपील की गई। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहली बार जनवरी 2023 में प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित आश्रम पहुंचे थे। उसके बाद भी दोनों कई मौकों पर आश्रम जाते रहे हैं। इस साल जुलाई में भी दोनों का आश्रम आना हुआ था। पांच करोड़ रुपये का दावा दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में आरोप लगाया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी और प्रॉपर्टी डेवलपर लॉबी ने क्रिकेट स्टार विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज के आश्रम की पहली यात्रा के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह दावा 2023 में हुई कोहली की पहली चर्चित यात्रा से जोड़ा गया है।
रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद क्यों उठा मुद्दा
विराट कोहली से जुड़ा विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब प्रेमानंद महाराज के साधक रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की जांच को लेकर वृंदावन में सवाल उठ रहे हैं। 25 सितंबर को रसिक की गुरु कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से गिरने से मौत हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन घटना से पहले के हालात की जांच जारी है। जांच के दौरान पुलिस को उनके कमरे से एक ग्राइंडर मिला और शरीर पर चोटों को लेकर भी पड़ताल हुई। मोबाइल फोन से कथित रूप से हटाए गए चैट, फोटो और वीडियो की रिकवरी के लिए उसे फॉरेंसिक जांच में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने रक्त का नमूना भी जांच के लिए भेजा है।


