Hot Topics

2027 में एनडीए की जीत के लिए रालोद ने बढ़ाई सक्रियता

  • त्रिलोक त्यागी बोले, बागपत से बलिया और सोनभद्र से सहारनपुर तक एनडीए प्रत्याशियों को जिताने में जुटेंगे कार्यकर्ता; लाभार्थियों और महिलाओं से संपर्क बढ़ाने के साथ किसानों के मुद्दों पर भी रहेगा फोकस

भारत 19

कानपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने एनडीए के पक्ष में अपना संगठन मैदान में उतारने की कवायद तेज कर दी है। रालोद के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां एनडीए के प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे, वहां रालोद कार्यकर्ता उनकी जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने बागपत से बलिया और सोनभद्र से सहारनपुर तक गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में संगठन को सक्रिय करने की बात कही। साथ ही कार्यकर्ताओं को अभी से लाभार्थियों, महिलाओं, किसानों और ग्रामीण मतदाताओं के बीच पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

गठबंधन की जीत के लिए अभी से मैदान में कार्यकर्ता

त्रिलोक त्यागी ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से जनता के बीच सक्रिय होने के निर्देश दिए हैं। पार्टी कार्यकर्ता जिलों में सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और महिलाओं के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे। पार्टी की कोशिश योजनाओं के लाभ और उनके प्रभाव को सीधे लोगों तक पहुंचाने की है, ताकि चुनाव से पहले संगठन का जनसंपर्क मजबूत किया जा सके। त्यागी ने कहा कि रालोद कार्यकर्ता प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी ताकत से काम करेंगे। बागपत से बलिया और सोनभद्र से सहारनपुर तक संगठन को गठबंधन प्रत्याशियों की जीत के लिए सक्रिय करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, सुशासन और कल्याणकारी योजनाओं को उन्होंने गठबंधन की प्रमुख उपलब्धियां बताया।

किसान और गांव रालोद के एजेंडे में केंद्र में

त्रिलोक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रवाद और सुरक्षा के साथ गठबंधन में किसानों का हित सर्वोपरि है। रालोद की ओर से किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के मुद्दों को एनडीए की राजनीति के साथ जोड़कर आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। यही वजह है कि पार्टी की चुनावी सक्रियता में ग्रामीण मतदाताओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को अहम स्थान दिया जा रहा है। कानपुर के घाटमपुर स्थित चीनी मिल का मुद्दा भी बातचीत में उठा। त्रिलोक त्यागी ने बताया कि रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता को चीनी मिल के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर तत्काल दिल्ली भेजने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर मिल को सुचारू रूप से शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। रालोद ने इस मुद्दे को किसानों के हित से जोड़ते हुए अपनी सक्रियता बढ़ाने का संकेत दिया है।

आदर्श गांव और रोजगार पर ऐश्वर्य राज सिंह का जोर

प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि रालोद को गांधीवाद और चौधरी चरण सिंह के विचारों के आधार पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने गांवों में लघु एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन रोका जा सकता है। जिस तरह स्मार्ट सिटी की बात होती है, उसी तरह आदर्श गांवों के निर्माण पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। त्रिलोक त्यागी रविवार को प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के साथ लखनऊ से कानपुर देहात जाते समय रामादेवी चौराहे पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रालोद की तैयारियों और एनडीए के पक्ष में संगठन की भूमिका को लेकर पार्टी की रणनीति साझा की।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, प्रदेश महामंत्री रजनीकांत मिश्रा, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान, क्षेत्रीय अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव, प्रदेश सचिव राम सिंह राजपूत, डॉ. संगीता सिरोही, ठाकुर जनक सिंह, शाकिर अली उस्मानी, मोहम्मद आसिफ, सद्दाम हुसैन, अफजल, दिसान, इकराम और आशीष गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News