- रमेश अवस्थी और सुरेंद्र मैथानी ने किया स्थलीय निरीक्षण, PWD अधिकारियों को लगाई फटकार; पुल की खराब सड़क जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश
भारत 19
कानपुर। पनकी पड़ाव पुल की बदहाल हालत को लेकर गुरुवार को सांसद रमेश अवस्थी और गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। पुल पर जगह-जगह बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से देखकर दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई और जल्द सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद और विधायक ने पुल के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सड़क की स्थिति देखी। उन्होंने लंबे समय से खराब पड़े हिस्सों और गड्ढों के कारण वाहनों के आवागमन में आ रही दिक्कतों की जानकारी भी ली। मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों से पुल की मौजूदा स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली गई।
रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पनकी पड़ाव पुल रोजाना हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद पुल की मरम्मत में लापरवाही से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है और यातायात प्रभावित होने से जाम की समस्या भी बढ़ती है।
जल्द मरम्मत के निर्देश
सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की सुरक्षा से जुड़ी इस तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुल की खराब स्थिति को जल्द ठीक कराने पर जोर दिया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार के साथ समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।


