कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में कानपुर की ग्रामीण महिलाएं बड़ी भूमिका निभा रही हैं। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज निर्माण में जुटी हैं। जिले में अब तक 1.5 लाख से अधिक तिरंगे तैयार किए जा चुके हैं।
कानपुर नगर जिले में अभियान को सफल बनाने के लिए 174 स्वयं सहायता समूहों की 734 महिलाओं को तिरंगा निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। इन महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे तिरंगे सरकारी विभागों, प्रशासनिक कार्यालयों और विभिन्न आयोजनों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। अलग-अलग विकास खंडों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तिरंगा निर्माण का काम कर रही हैं। कल्याणपुर ब्लाक के सिंहपुर क्षेत्र में संचालित प्रेरणा स्वयं सहायता समूह और प्रगति स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि तिरंगा निर्माण से मिलने वाली आय से वे घर के खर्च और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग कर पा रही हैं। वहीं प्रगति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का कहना है कि आजीविका मिशन से जुड़े इस कार्य ने ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया है। महिलाओं ने बताया कि तिरंगा तैयार करते समय राष्ट्रीय ध्वज के निर्धारित आकार और गुणवत्ता मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को मिली जिम्मेदारी
परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को राष्ट्रीय ध्वज के मानकों के अनुसार तिरंगा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें आवश्यक कच्चा माल भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि महिलाओं द्वारा तैयार किए गए तिरंगे जिले के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके एवज में महिलाओं को मिलने वाला पारिश्रमिक सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा।
डीएम ने की महिला समूहों के प्रयास की सराहना
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह पहल महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जहां स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को मजबूती मिलेगी, वहीं ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आय का अवसर भी मिलेगा।


