- बारावफात जुलूस-ए-मोहम्मदी के चलते दोपहर 12 बजे से मूलगंज, परेड, फूलबाग, डिप्टी पड़ाव समेत कई प्रमुख मार्गों पर बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
कानपुर। बारावफात के जुलूस-ए-मोहम्मदी के कारण 26 अगस्त को कानपुर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। मूलगंज, घंटाघर, बड़ा चौराहा, कोतवाली, परेड, फूलबाग, बिरहाना रोड, डिप्टी पड़ाव, बांसमंडी और नमक फैक्ट्री चौराहा क्षेत्र में वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
मूलगंज, घंटाघर और परेड क्षेत्र में बदला रूट
घंटाघर चौराहे से मूलगंज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां से आने वाले वाहनों को परेड एक्सप्रेस रोड के रास्ते गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। बड़ा चौराहा से कोतवाली की ओर जाने वाले वाहनों को उज्ज्वल कट से यू-टर्न लेकर आगे बढ़ना होगा। उज्ज्वल कट से परेड की ओर और कोतवाली चौराहे से परेड की दिशा में भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एमडी कॉलेज की ओर से आने वाले वाहन परेड चौराहे की तरफ नहीं जा सकेंगे। उन्हें वैकल्पिक मार्ग से बड़ा चौराहा की ओर भेजा जाएगा।
फूलबाग और बिरहाना रोड पर भी यातायात बदला
फूलबाग की ओर से आने वाले वाहन संगमलाल तिराहे की दिशा में नहीं जा सकेंगे। उन्हें बिरहाना रोड के रास्ते आगे भेजा जाएगा। नरोना चौराहे से फूलबाग की ओर जाने वाले वाहनों को पनचक्की चौराहा और झाड़ीबाबा तिराहे के रास्ते गंतव्य तक पहुंचना होगा। कमला टावर से संगमलाल तिराहे की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बिरहाना रोड से फूलबाग की ओर आने वाले वाहन नया गंज चौकी से आगे नहीं जा सकेंगे। मूलगंज चौराहे से नई सड़क के रास्ते प्रतिबंधित मार्गों की ओर भी यातायात पर रोक रहेगी। मेघदूत तिराहे की ओर से आने वाले वाहन फूलबाग और पनचक्की चौराहे की दिशा में नहीं जा सकेंगे। इन्हें चार्ल्स चौराहा, किला तिराहा और झाड़ीबाबा तिराहा होकर गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
डिप्टी पड़ाव और बांसमंडी क्षेत्र भी प्रभावित
मध्य जोन में जरीब चौकी की ओर से आने वाले वाहन चंद्रिका देवी मंदिर से बाएं मुड़कर हमीद कॉलेज चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। अफीम कोठी से आने वाले वाहनों को डिप्टी पड़ाव से आगे टुकनियापुरवा चौराहे की दिशा में जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें सीसामऊ पी रोड की ओर मोड़ा जाएगा। डिप्टी पड़ाव से आने वाले वाहन बांसमंडी तिराहे के रास्ते प्रतिबंधित मार्गों की ओर नहीं जा सकेंगे। जरीब चौकी चौराहे से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
भारी वाहनों के लिए नमक फैक्ट्री मार्ग प्रतिबंधित
विजयनगर चौराहा और रामनगर की ओर से आने वाले मध्यम और भारी वाहन नमक फैक्ट्री चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें फजलगंज और जरीब चौकी के रास्ते भेजा जाएगा। मसवानपुर से कल्याणपुर की ओर जाने वाले मध्यम और भारी वाहनों को भी नमक फैक्ट्री चौराहे की दिशा में जाने के बजाय जीटी रोड का इस्तेमाल करना होगा। शारदा नगर क्रॉसिंग से आने वाले मध्यम और भारी वाहनों का नमक फैक्ट्री चौराहे की ओर प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 26 अगस्त को कानपुर ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए घर से निकलने से पहले अपना रूट तय कर लें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। किसी समस्या या यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9305104340 और ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 पर संपर्क किया जा सकता है। एंबुलेंस को तत्काल रास्ता देने की भी अपील की गई है।
