Hot Topics

कानपुर का ट्रैफिक संभालेंगे सिविल डिफेंस के वालंटियर्स

  • डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने स्वयंसेवकों को सक्रिय करने के दिए निर्देश, वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन आवेदन भरवाने में भी करेंगे मदद, स्कूलों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण और रिक्त अवैतनिक पदों को जल्द भरने पर जोर

भारत 19/ कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में अब सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक भी ट्रैफिक पुलिस के साथ सहयोग करेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन संबंधी आवेदन भरवाने और उन्हें संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने में मदद दी जाएगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में सिविल डिफेंस को आपात स्थितियों के साथ सामान्य दिनों में भी अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक पुलिस के साथ करेंगे समन्वय

डीएम ने कहा कि स्वयंसेवक अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय से काम करें। उनका सहयोग केवल आपातकालीन परिस्थितियों तक सीमित न रहे, बल्कि सामान्य दिनों में भी आम लोगों की जरूरतों के लिए उपलब्ध रहे।

वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन आवेदन में मदद

स्वयंसेवकों को अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन संबंधी आवेदन भरवाने और उन्हें संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने में सहयोग करने को कहा गया। डीएम ने विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा और आपात स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके।

रिक्त पद भरने और उपकरणों का रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश

बैठक में सिविल डिफेंस के रिक्त अवैतनिक पदों को शीघ्र भरने पर जोर दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने इसके लिए चीफ वार्डेन से सहयोग मांगा। डीएम ने भंडार में उपलब्ध सामग्री और उपकरणों का रिकॉर्ड अद्यतन करने, अनुपयोगी सामग्री का भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार नीलामी और नए उपकरणों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सिविल डिफेंस की कार्यप्रणाली और गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह, सहायक उपनियंत्रक विमलेश कुमार यादव, उपनियंत्रक ममता रानी, चीफ वार्डेन राजीव सिंह सहित विभागीय पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News