- कार्डियोलॉजी समिट में हार्ट फेल्योर से इंटरवेंशनल तकनीकों तक होगी चर्चा
भारत 19
कानपुर। हृदय रोगों के इलाज और कार्डियोलॉजी की बदलती तकनीकों पर इस सप्ताह कानपुर में देश-विदेश के विशेषज्ञ मंथन करेंगे। 22 और 23 अगस्त को होने वाले कानपुर कार्डियोलॉजी समिट 2026 में हृदय रोगों की रोकथाम से लेकर हार्ट फेल्योर, कार्डियक इमेजिंग और जटिल उपचार तकनीकों तक कई अहम विषयों पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित होंगे।किंग्स्टन रिजॉर्ट में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में कानपुर और आसपास के शहरों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से कार्डियोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन का फोकस तेजी से बदल रही कार्डियोलॉजी प्रैक्टिस में नई तकनीकों और विशेषज्ञ अनुभवों को साझा करने पर रहेगा। कार्डियोलॉजी में इलाज की तकनीकें लगातार बदल रही हैं और इसी बदलाव के बीच चिकित्सकों के सामने नई जानकारी के साथ खुद को अपडेट रखने की चुनौती भी है। समिट में प्रिवेंटिव और क्लिनिकल कार्डियोलॉजी के अलावा कार्डियक इमेजिंग, इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी, स्ट्रक्चरल और इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी जैसे विषयों पर चर्चा होगी। आयोजक कार्डियो मेटाबोलिक सोसाइटी के अनुसार, सम्मेलन में विशेषज्ञ जटिल हृदय रोगों के मामलों, नई चिकित्सा तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। इसका मकसद केवल अकादमिक चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि बदलती चिकित्सा पद्धतियों को डॉक्टरों की रोजमर्रा की प्रैक्टिस से जोड़ना भी है।
कानपुर में कार्डियोलॉजी से जुड़े इस आयोजन को शहर की चिकित्सा विशेषज्ञता के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। IMA कानपुर से जुड़े चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे सम्मेलन स्थानीय डॉक्टरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद का अवसर देते हैं। इससे नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों को समझने का दायरा बढ़ता है। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को IMA हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इसमें IMA कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, मानद सचिव डॉ. शालिनी मोहन, कॉन्फ्रेंस चेयरपर्सन डॉ. मोहम्मद अहमद, कॉन्फ्रेंस सेक्रेटरी डॉ. अमित कुमार और डॉ. अभिनीत गुप्ता मौजूद रहे।

