- ब्रिगेडियर पी. के. शास्त्री ने किया वार्षिक तकनीकी-प्रशासनिक निरीक्षण, ड्रिल, कैडेट प्रशिक्षण, परीक्षाओं, अभिलेखों और सामाजिक सेवा गतिविधियों की समीक्षा
भारत 19
कानपुर। आईआईटी कानपुर की 2 यूपी सीटीआर एनसीसी यूनिट में कैडेट प्रशिक्षण के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी सालाना परख हुई। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, कानपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी. के. शास्त्री ने यूनिट का वार्षिक तकनीकी एवं प्रशासनिक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षण गतिविधियों, कैडेट नामांकन, संस्थागत कार्यक्रमों, परीक्षाओं, शिविरों, प्रशासनिक तैयारियों और सामाजिक सेवा पहलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल वरुण सिंघल ने ब्रिगेडियर पी. के. शास्त्री को यूनिट के संचालन और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। निरीक्षण में कैडेटों के प्रशिक्षण मानकों और ड्रिल दक्षता पर विशेष ध्यान दिया गया। ब्रिगेडियर शास्त्री ने प्रशिक्षकों, कैडेटों और स्टाफ से संवाद कर प्रशिक्षण गतिविधियों और कैडेटों के अनुभवों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अनुशासन, टर्नआउट, ड्रिल और समग्र आचरण के उच्च मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया गया। यूनिट की प्रशासनिक व्यवस्था की भी जांच की गई। इसमें आधिकारिक अभिलेख, प्रशिक्षण दस्तावेज, कैडेटों से संबंधित आंकड़े, स्टोर एवं इन्वेंट्री, पत्राचार और परीक्षा संबंधी दस्तावेज शामिल रहे।
यूनिट की सामाजिक सेवा और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों को भी निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत किया गया। इन गतिविधियों में कैडेट जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक कार्यों में सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। ब्रिगेडियर शास्त्री ने कमांडिंग ऑफिसर, एनसीसी प्रशिक्षकों, स्टाफ और कैडेटों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षण और प्रशासन के उच्च मानकों को लगातार बनाए रखने तथा कैडेटों के समग्र विकास के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया।

