- 28, 29 और 30 सितंबर को ग्रामीण बैंकों की शाखाएं भी रहेंगी बंद; पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा, रिक्त पद भरने, सेवा शर्तों और पेंशन अपडेशन समेत कई मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल में उतरेंगे
भारत 19
नई दिल्ली। 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल में अब ग्रामीण बैंक कर्मचारी भी शामिल होंगे। ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIRRBEA) ने हड़ताल को समर्थन देने की घोषणा की है। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सगुण शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण बैंकों की शाखाओं के कर्मचारी भी तीनों दिन हड़ताल में शामिल रहेंगे। संगठन की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा लागू करने, कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार, रिक्त पदों को भरने और सेवानिवृत्त बैंककर्मियों की पेंशन अपडेशन समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर बैंकिंग ट्रेड यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया है।
ग्रामीण बैंकों में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा
सगुण शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण बैंक ग्रामीण भारत के करोड़ों ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। सीमित संसाधनों और कर्मचारियों की कमी के बीच ग्रामीण बैंकों के कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ा है। संगठन का कहना है कि ग्रामीण बैंक कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ सेवानिवृत्त बैंककर्मियों की पेंशन अपडेशन का मुद्दा भी लंबे समय से लंबित है।
पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा की मांग
सगुण शुक्ला के मुताबिक, 12वें वेतन समझौते के दौरान पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन इसे अब तक मंजूरी नहीं मिली है। संगठन ने इसे कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में शामिल किया है। इसके अलावा प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन यानी पीएलआई (PLI) की व्यवस्था में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भुगतान में अंतर को भी संगठन ने असंतोष का एक कारण बताया है।
तीन दिन अलग-अलग क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम
AIRRBEA के राष्ट्रीय प्रवक्ता सगुण शुक्ला के अनुसार, हड़ताल के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 सितंबर को कानपुर नगर क्षेत्र, 29 सितंबर को फतेहपुर क्षेत्र और 30 सितंबर को लखनऊ में कार्यक्रम होंगे। इससे पहले 27 सितंबर को सेवानिवृत्त बैंककर्मियों की समितियों के पदाधिकारी क्षेत्र की शाखाओं का भ्रमण कर कर्मचारियों से तीन दिवसीय हड़ताल में शामिल होने की अपील करेंगे।
कानपुर की 16 शाखाओं में संपर्क
संगठन के मुताबिक, कानपुर नगर में सेवानिवृत्त समिति के प्रमुख केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ शहर की 16 शाखाओं का भ्रमण करेंगे। इस दौरान कर्मचारियों से तीन दिवसीय बैंक हड़ताल में भागीदारी की अपील की जाएगी। इस तरह 28 से 30 सितंबर की हड़ताल में ग्रामीण बैंकों की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों की बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित होने की संभावना है।


