- कॉरिडोर-2 के रावतपुर-डबल पुलिया अंडरग्राउंड सेक्शन की डाउनलाइन टनल में ट्रैक के बाद थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा; 750 वोल्ट डीसी प्रणाली से चलती हैं मेट्रो ट्रेनें
भारत 19
कानपुर। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के अंडरग्राउंड सेक्शन में निर्माण कार्य ने एक और अहम पड़ाव पार कर लिया है। करीब 4.10 किलोमीटर लंबे रावतपुर-डबल पुलिया अंडरग्राउंड सेक्शन की डाउनलाइन टनल में ट्रैक निर्माण के बाद अब थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का काम भी पूरा हो गया है। थर्ड रेल की टेस्टिंग की गई, जिसमें सभी मानक संतोषजनक पाए गए।
डाउनलाइन टनल में ट्रैक और थर्ड रेल पूरा
इसके साथ ही सीएसए परिसर स्थित कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से विजय नगर स्टेशन के पास स्थित रैंप तक डाउनलाइन टनल में ट्रैक और थर्ड रेल दोनों का काम पूरा हो गया है। वहीं, अपलाइन टनल में ट्रैक निर्माण और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक अंडरग्राउंड सेक्शन में सिस्टम इंस्टॉलेशन के काम को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि निर्माण पूरा होने के बाद आगे की टेस्टिंग और ट्रायल प्रक्रिया शुरू की जा सके।
750 वोल्ट डीसी से चलती हैं मेट्रो ट्रेनें
कानपुर मेट्रो की ट्रेनें पारंपरिक ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) के बजाय 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल प्रणाली से बिजली प्राप्त करती हैं। इस व्यवस्था में ट्रैक के समानांतर एक अतिरिक्त रेल लगाई जाती है, जिसके संपर्क से मेट्रो ट्रेन को विद्युत आपूर्ति मिलती है। थर्ड रेल प्रणाली में बिजली के तार ऊपर नहीं होते। इससे ओवरहेड विद्युत तारों से जुड़ी कुछ संभावित बाधाओं से बचाव होता है। यूपीएमआरसी के अनुसार इस प्रणाली का रखरखाव भी अपेक्षाकृत सुविधाजनक है और शहरी परिवेश में ऊपर बिजली के तारों का नेटवर्क नहीं होने से इसका अलग स्वरूप दिखाई देता है।
अपलाइन टनल में भी काम तेजी से जारी
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में डिपो रैंप से विजय नगर स्टेशन के निकट रैंप तक डाउनलाइन टनल में थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस टनल में ट्रैक निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका था। उन्होंने बताया कि अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों सेक्शनों में विभिन्न विभागों के समन्वय से सिविल निर्माण और सिस्टम इंस्टॉलेशन का काम आगे बढ़ रहा है। अपलाइन टनल में भी ट्रैक और थर्ड रेल से जुड़े काम जारी हैं।
कॉरिडोर-1 में 15 किलोमीटर पर सेवा
कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-1 आईआईटी से नौबस्ता तक करीब 23.50 किलोमीटर लंबा है। फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 15 किलोमीटर लंबे हिस्से में यात्री सेवाएं संचालित हो रही हैं। कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता वाले शेष हिस्से में भी निर्माण और सिस्टम से जुड़े काम चल रहे हैं। इस हिस्से में यात्री सेवाएं शुरू होने से शहर के दक्षिणी क्षेत्र की मेट्रो कनेक्टिविटी और बढ़ेगी।
कॉरिडोर-2 का सिविल निर्माण भी जारी
वहीं सीएसए-बर्रा-8 कॉरिडोर-2 करीब 8.60 किलोमीटर लंबा है। इसके अंडरग्राउंड और एलिवेटेड हिस्सों में अलग-अलग स्तर पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। डाउनलाइन टनल में ट्रैक और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा होना कॉरिडोर-2 के सिस्टम कार्यों में एक महत्वपूर्ण चरण है। अब अपलाइन समेत अन्य हिस्सों में निर्माण और सिस्टम इंस्टॉलेशन का काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

