Hot Topics

सोना-चांदी फिर चढ़े, गिरावट थमी, जानें आज के भाव

  • अगस्त के ऊंचे स्तरों से गिरावट के बाद दोनों धातुओं में लौटी तेजी, सोना 1.59 लाख और चांदी 2.40 लाख रुपये किलो पहुंची

भारत 19
कानपुर
। अगस्त के आखिरी दिनों से लगातार कमजोर चल रहे सोने-चांदी के भाव में गुरुवार को आखिरकार गिरावट थम गई। लगातार कई सत्रों की गिरावट के बाद दोनों कीमती धातुओं में फिर तेजी लौट आई। सोना 3,500 रुपये बढ़कर 1,59,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि चांदी 4,500 रुपये की तेजी के साथ 2,40,500 रुपये प्रति किलो हो गई। सितंबर की शुरुआत में कम भाव देखकर सहालग और आगामी त्योहारों के लिए खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए अचानक आई यह तेजी बाजार के रुख में बदलाव का संकेत है।

सराफा बाजार में चांदी 24 अगस्त और सोना 25 अगस्त से लगातार दबाव में था। अगस्त के ऊंचे स्तरों से शुरू हुई गिरावट सितंबर के शुरुआती दो दिनों में भी जारी रही। एक सितंबर को सोना 1,57,000 रुपये और चांदी 2,38,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई थी। दो सितंबर को भी सोने में 1,500 रुपये और चांदी में 2,000 रुपये की गिरावट दर्ज हुई। इसके बाद गुरुवार को दोनों धातुओं में तेजी लौटने से सराफा बाजार में हलचल बढ़ गई।

कम भाव देखकर दो दिन बढ़ी सोने की खरीदारी

लगातार गिरावट के कारण पिछले दो दिनों में बाजार में खरीदारी का रुझान बढ़ा। कारोबारियों के मुताबिक, कम कीमत को कई ग्राहकों ने खरीदारी के लिए बेहतर मौका माना। खासकर आने वाले महीनों में विवाह वाले परिवारों ने भाव नीचे आने का फायदा उठाने में दिलचस्पी दिखाई। आगामी त्योहारों को देखते हुए भी सोने-चांदी की मांग में रुचि बढ़ी है। गुरुवार की तेजी के बाद खरीदारों के सामने अब कीमतों की अगली चाल को लेकर असमंजस है। बाजार में नजर इस बात पर है कि अगस्त के ऊंचे स्तरों से आई गिरावट के बाद कीमतें स्थिर होती हैं या फिर दोनों धातुओं में दोबारा तेजी का दौर शुरू होता है।

अगस्त में सोने-चांदी ने छुआ था ऊंचा स्तर

अगस्त सोने और चांदी के लिए काफी उतार-चढ़ाव वाला महीना रहा। एक अगस्त को सोना 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 24 अगस्त को यह बढ़कर 1,66,200 रुपये के मासिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद कीमतों में कमजोरी शुरू हुई और 31 अगस्त को सोना 1,59,200 रुपये पर आ गया। चांदी भी अगस्त में तेजी के दौर से गुजरी। एक अगस्त को इसका भाव 2,24,000 रुपये प्रति किलो था, जो 22 अगस्त को बढ़कर 2,53,000 रुपये के मासिक उच्च स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद इसमें गिरावट आई और 31 अगस्त को चांदी 2,43,500 रुपये प्रति किलो पर रही। अगस्त की शुरुआत के मुकाबले महीने के अंत में भी दोनों धातुएं काफी महंगी थीं। एक अगस्त से 31 अगस्त के बीच सोना 12,700 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 19,500 रुपये प्रति किलो ऊपर रही। अगस्त की तेज बढ़त के बाद सितंबर के शुरुआती दिनों में आया दबाव बाजार में करेक्शन के तौर पर देखा गया।

एक दिन में सोना-चांदी ने संभाली बड़ी गिरावट

गुरुवार को बाजार की तस्वीर बदल गई। सोना 3,500 रुपये बढ़कर 1,59,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4,500 रुपये बढ़कर 2,40,500 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। इस तरह दोनों धातुओं ने एक दिन में पिछले दो दिनों में आई गिरावट का बड़ा हिस्सा वापस हासिल कर लिया। सराफा कारोबारियों के मुताबिक, अगस्त में कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बाद करेक्शन आना स्वाभाविक था। सितंबर के शुरुआती दो दिनों में भाव नीचे आने के बाद कम कीमत पर खरीदारी बढ़ी, जिससे दोनों धातुओं को फिर सहारा मिला। अब सहालग और त्योहारों की मांग सोने-चांदी की कीमतों की अगली दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। खरीदारों की नजर इस बात पर रहेगी कि मौजूदा तेजी आगे कायम रहती है या बाजार फिर से गिरावट की ओर लौटता है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News