Hot Topics

कॉकरोच ने शिक्षा मंत्री का मांग लिया इस्तीफा, CJP की सिस्टम से सीधी टक्कर की तैयारी, माँ को को लग रहा है डर

नई दिल्ली/ देश की राजनीति और सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक नया नाम तेजी से चर्चा में है. Cockroach Janta Party महज कुछ दिनों पहले शुरू हुई इस डिजिटल पहल ने युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली है। पार्टी के फाउंडर Abhijeet Deepke ने शुक्रवार को अपनी पहली ऑनलाइन पिटीशन लॉन्च करते हुए केंद्रीय शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। यह मांग NEET पेपर लीक मामले को लेकर की गई है।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर लोगों से ज्यादा से ज्यादा पिटीशन पर साइन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि सिस्टम की जवाबदेही तय करने की कोशिश है। उनका कहना है कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सवाल उठना जरूरी है।

दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट में हुई एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई 2026 को Surya Kant ने सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ कह दिया था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। इसी विवाद के अगले दिन अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से डिजिटल कैंपेन शुरू कर दिया।

देखते ही देखते यह पहल युवाओं के बीच वायरल हो गई। पार्टी का पहला X अकाउंट ब्लॉक होने से पहले लगभग 1.93 लाख फॉलोअर्स तक पहुंच गया था। इसके बाद नया अकाउंट ‘Cockroach Is Back’ नाम से बनाया गया, जिसकी लोकप्रियता कुछ ही घंटों में तेजी से बढ़ गई। नए अकाउंट के बायो में लिखा गया “Cockroaches Don’t Die” यानी कॉकरोच कभी नहीं मरते।

इस वायरल लोकप्रियता के बीच अभिजीत के परिवार की चिंता भी सामने आई है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके माता-पिता ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें डर है कि उनका बेटा किसी मुसीबत में पड़ सकता है। अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने कहा कि मौजूदा माहौल में किसी भी सरकार विरोधी आवाज को लेकर डर स्वाभाविक है। वहीं उनकी मां अनीता दीपके चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूर रहे और सामान्य नौकरी करे।

पार्टी की वेबसाइट खुद को “उन लोगों की राजनीतिक आवाज” बताती है, जिन्हें व्यवस्था ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। वेबसाइट पर पार्टी का नारा है “Secular, Socialist, Democratic, Lazy ” पार्टी ने सदस्य बनने के लिए चार अनोखी योग्यताएं भी रखी हैं बेरोजगार होना, आलसी होना, हमेशा ऑनलाइन रहना और प्रोफेशनल तरीके से शिकायत करने की क्षमता।

हालांकि मजाकिया अंदाज में शुरू हुई यह पहल अब गंभीर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को उठाने लगी है। पार्टी ने अपने विजन डॉक्यूमेंट में कई बड़े वादे किए हैं। इनमें महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने और मीडिया की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।

पार्टी ने यह भी कहा है कि किसी भी वैध वोट को हटाने पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ UAPA जैसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा कथित “गोदी मीडिया” और बड़े कॉरपोरेट मीडिया नेटवर्क्स की जांच की मांग भी की गई है।

30 वर्षीय अभिजीत दीपके मूल रूप से महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की और फिलहाल अमेरिका की Boston University में पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं। वे पहले Aam Aadmi Party के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट भी रह चुके हैं और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मीम बेस्ड कैंपेन चलाने के लिए चर्चा में आए थे।

विशेषज्ञ मानते हैं कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता केवल सोशल मीडिया ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं में बढ़ते गुस्से का संकेत है। बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और नौकरी की असुरक्षा जैसे मुद्दों ने पढ़े-लिखे युवाओं में असंतोष बढ़ाया है। यही वजह है कि यह डिजिटल आंदोलन तेजी से युवाओं की आवाज बनता जा रहा है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News