Hot Topics

आगरा मेट्रो पहली बार मॉल रोड से गुजरी, सदर बाजार तक पहुंची ट्रेन

  • दूसरे कॉरिडोर पर तीन किलोमीटर की डाउनलाइन में सफल ट्रायल रन, फूल सैय्यद चौराहा डिपो से सदर बाजार स्टेशन तक चली मेट्रो, अपलाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में

भारत 19/ आगरा। आगरा मेट्रो ने दूसरे कॉरिडोर पर ट्रायल रन के साथ एक और अहम उपलब्धि हासिल की। मंगलवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने फूल सैय्यद चौराहा स्थित मेट्रो डिपो से सदर बाजार स्टेशन तक तीन किलोमीटर लंबी डाउनलाइन पर ट्रेन का सफल परीक्षण किया। इसके साथ ही मेट्रो ट्रेन पहली बार मॉल रोड से गुजरी। ट्रेन को देखकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह नजर आया।

डिपो से सदर बाजार स्टेशन तक पहुंची मेट्रो

आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक प्रस्तावित दूसरे कॉरिडोर के तहत डिपो एंट्री लाइन से सदर बाजार स्टेशन के बीच ट्रायल रन किया गया। ट्रेन को डिपो से निकालकर डाउनलाइन पर चलाया गया और सदर बाजार स्टेशन तक पहुंचने के बाद वापस डिपो लाया गया। इस दौरान परियोजना निदेशक अरविंद राय समेत यूपीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अपलाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में

डाउनलाइन पर ट्रायल रन पूरा होने के बाद अब अपलाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में है। बीते सप्ताह इस खंड पर मेट्रो संचालन के लिए जरूरी थर्ड रेल का काम भी पूरा कर लिया गया था। इससे डाउनलाइन पर ट्रेन का परीक्षण संभव हुआ। अब शेष लाइन और अपलाइन पर ट्रैक, ट्रैक्शन तथा सिग्नलिंग का काम पूरा होने के बाद वहां भी ट्रायल रन किया जाएगा।

आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक प्राथमिकता वाला खंड

दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक के हिस्से को प्राथमिकता वाले खंड के रूप में चिह्नित किया गया है। इस कॉरिडोर के स्टेशनों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। वहीं, एमजी रोड से कालिंदी विहार तक के शेष हिस्से में भी सिविल निर्माण कार्य जारी है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस उपलब्धि पर आगरा मेट्रो की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगरा के लोगों को विश्वस्तरीय मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में मेट्रो शहर में तेज, सुरक्षित और सुगम यातायात का माध्यम बनेगी।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News