Hot Topics

जंतर-मंतर से पहले राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर प्रदर्शन, पुलिस ने रोकी विपक्षी सांसदों की बसें, राहुल को बारहखंभा थाने ले जाने की सूचना

भारत 19/ नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के सांसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए निकले, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। 

लंच के बाद जंतर-मंतर के लिए निकले विपक्षी सांसद

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से आयोजित लंच बैठक के बाद राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के सांसद जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर जाकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। विपक्ष SIR को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है।

जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर पहले रोकी गईं बसें

विपक्षी सांसदों को लेकर जा रही तीन बसों को दिल्ली पुलिस ने जनपथ और अशोका रोड के चौराहे के पास रोक दिया। यह स्थान जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर पहले बताया गया है। इसके बाद राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने सड़क पर ही विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। इसी दौरान राहुल गांधी को ले जा रहे पुलिस की बस के रास्ते में पंचर हो गई। वहां से राहुल गांधी को बारहखंभा थाने ले जाया गया। 

राहुल बोले- मेरे खिलाफ 45 FIR, 100 चाहिए

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ 45 FIR दर्ज हैं और उनका लक्ष्य 100 FIR का है। उन्होंने कहा कि उनके लिए हर FIR एक मेडल है। राहुल ने यह भी कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते। 

प्रियंका गांधी ने कहा उनसे बदसलूकी हुई

राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य विपक्षी नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी सड़क पर बैठ गईं और विपक्षी नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। प्रियंका के द्वारा आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी के द्वारा उनसे बदसलूकी की गई। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजा वडिंग ने कहा कि पुलिस के बर्ताव के खिलाफ कांग्रेस शांत नहीं बैठने वाली है। 
 
‘वोट चोरी’ और SIR को लेकर विपक्ष का विरोध

विपक्ष का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची में अनियमितताएं की जा रही हैं और इससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर INDIA ब्लॉक CEC के इस्तीफे की मांग कर रहा है। चुनाव आयोग और भाजपा विपक्ष के आरोपों से इनकार करते हैं और SIR को मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया बताते हैं।

लगातार दूसरे दिन पुलिस कार्रवाई

राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के खिलाफ यह लगातार दूसरे दिन पुलिस कार्रवाई है। मंगलवार को भी विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग की ओर मार्च करने से रोका गया था। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में कई घंटे धरना दिया था और बाद में उन्हें हिरासत में लिया गया था।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News