Hot Topics

आतंकवाद के खिलाफ कानपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा

  • 10 विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचीं यात्राएं, फूलबाग से घंटाघर तक मशाल और तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने किया पैदल मार्च, आतंकवाद के खात्मे, महिला सुरक्षा, राष्ट्र रक्षा, विकास और गरीब कल्याण का दिया संदेश

भारत 19/ कानपुर। आतंकवाद के खात्मे, माताओं-बहनों की सुरक्षा, राष्ट्र की रक्षा, विकास और गरीब कल्याण के संदेश के साथ बुधवार को कानपुर में भाजपा की सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। भाजपा कानपुर महानगर उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण संगठन के तत्वावधान में 10 विधानसभा क्षेत्रों से निकली यात्राएं फूलबाग पहुंचीं। यहां से कार्यकर्ता हाथों में मशाल और तिरंगा लेकर घंटाघर स्थित भारत माता की प्रतिमा तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।

फूलबाग से शुरू हुआ पैदल मार्च

यात्रा की शुरुआत फूलबाग मैदान के बाहर से हुई। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन के जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी कार्यकर्ताओं ने सुना। मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के हाथों में उठाई गई ज्योति आतंकवाद के खात्मे, महिलाओं की सुरक्षा, देश की रक्षा, विकास और गरीब कल्याण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश सेवा, सुरक्षा और विकास को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता भी यात्रा में शामिल

संबोधन के बाद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, अभिजीत सिंह सांगा, सुरेंद्र मैथानी और नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह और सलिल विश्नोई, विधायक सरोज कुरील और राहुल बच्चा सोनकर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हाथों में ज्योति लेकर यात्रा में हिस्सा लिया।

बिरहाना रोड और नयागंज होते हुए घंटाघर पहुंचे

फूलबाग चौराहे से शुरू हुई यात्रा बिरहाना रोड और नयागंज होते हुए घंटाघर पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष करते हुए आगे बढ़े। रास्ते में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। घंटाघर पहुंचने के बाद भारत माता की प्रतिमा के समक्ष यात्रा का समापन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, उपेंद्र पासवान, शिवराम सिंह, नीतू सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, अभिनव दीक्षित, शशांक मिश्रा, पुष्कर शुक्ला, डॉ. दिवाकर मिश्रा और श्रीकृष्ण दीक्षित समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News