Hot Topics

वनडे विश्व कप 2027 शेड्यूल जारी, 10 अक्टूबर को IND-PAK

  • भारत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू करेगा अभियान, जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान से मुकाबला; 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 57 मैच

भारत 19

नई दिल्ली। आईसीसी ने गुरुवार को वनडे विश्व कप 2027 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले 14 टीमों के टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है। दोनों टीमें 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारत इससे तीन दिन पहले 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। 2027 विश्व कप में 14 टीमें 57 मैच खेलेंगी। मुकाबले दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के कुल 12 वेन्यू पर आयोजित होंगे। यह टूर्नामेंट 24 साल बाद अफ्रीका में लौट रहा है।

10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में भारत-पाकिस्तान

विश्व कप का भारत-पाकिस्तान मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर-ए शामिल हैं। ग्रुप बी में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और क्वालीफायर-बी को रखा गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच यह ग्रुप मुकाबला टूर्नामेंट के शुरुआती दौर के सबसे प्रमुख मैचों में शामिल है। नए प्रारूप में दोनों टीमें आगे बढ़ती हैं तो सुपर-7 और नॉकआउट चरण में दोबारा भी आमने-सामने आ सकती हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होगा भारत का अभियान

भारत का पहला मैच 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में होगा। इसके बाद 10 अक्टूबर को पाकिस्तान, 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान, 17 अक्टूबर को क्वालीफायर-ए और 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे से मुकाबला होगा। विश्व कप का शुरुआती चरण 2 अक्टूबर 2027 से नामीबिया के विंडहोक में शुरू होगा। इसमें तीन टीमों की सुपर सीरीज खेली जाएगी, जिसके विजेता को मुख्य ग्रुप चरण में जगह मिलेगी। इसके बाद 12 टीमें दो ग्रुप में बंटेंगी। ग्रुप चरण में प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें और दोनों ग्रुपों में अगली सर्वश्रेष्ठ टीम समेत कुल सात टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल खेलेंगी। फाइनल 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग में निर्धारित है।

टिकट के लिए बैलेट प्रक्रिया भी शुरू

आईसीसी ने शेड्यूल जारी करने के साथ विश्व कप के टिकटों के लिए बैलेट प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। टिकट के लिए रजिस्ट्रेशन 1 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ है और 21 नवंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। आईसीसी के अनुसार वैध आवेदनों पर समान रूप से विचार किया जाएगा, इसलिए यह प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं होगी।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News