Hot Topics

आगरा मेट्रो में लॉन्चर से रखे जाएंगे यू-गर्डर

  • सुल्तानगंज क्रॉसिंग से वाटरवर्क्स तक शुरू होगी नई तकनीक; जगह की कमी के चलते गैंट्री क्रेन और लॉन्चर से आगे बढ़ेगा निर्माण, रामबाग-यमुना पुल वाले हिस्से में पारंपरिक क्रेन का इस्तेमाल

भारत 19
आगरा।
आगरा मेट्रो के निर्माण में अब लॉन्चर तकनीक से यू-गर्डर रखने का काम शुरू होने जा रहा है। सुल्तानगंज क्रॉसिंग मेट्रो स्टेशन के आगे सुल्तानगंज की पुलिया से वाटरवर्क्स चौराहे तक यू-गर्डर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए पुलिया के पास विशाल गैंट्री क्रेन लगाने का काम शुरू हो गया है। सीमित जगह के कारण अपनाई जा रही इस तकनीक से मेट्रो निर्माण को गति देने के साथ सड़क पर स्थानीय आवागमन में अपेक्षाकृत कम बाधा आने की उम्मीद है।

सुल्तानगंज की पुलिया पर तैयार होगा गर्डर स्टॉक

सुल्तानगंज की पुलिया के पास यू-गर्डर की स्टॉकिंग की जाएगी। गैंट्री क्रेन की मदद से गर्डर को उठाकर लॉन्चर पर रखा जाएगा। इसके बाद लॉन्चर का एक हिस्सा अगले पिलर तक पहुंचेगा और यू-गर्डर को निर्धारित स्थान तक ले जाकर स्थापित किया जाएगा। लॉन्चर तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यहां सीमित जगह में निर्माण कार्य को आगे बढ़ाना है। पारंपरिक क्रेन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण इस तकनीक को अपनाया जा रहा है।

पहले चरण में सुल्तानगंज से वाटरवर्क्स तक काम

यूपी मेट्रो के मुताबिक सुल्तानगंज क्रॉसिंग के आगे यू-गर्डर का परिनिर्माण दो चरणों में लॉन्चर तकनीक से किया जाएगा। पहले चरण में सुल्तानगंज क्रॉसिंग से वाटरवर्क्स चौराहे तक यू-गर्डर स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद निर्माण का अगला हिस्सा अलग तकनीक से पूरा किया जाएगा। यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल और रामबाग मेट्रो स्टेशन के हिस्से में यू-गर्डर रखने के लिए पारंपरिक क्रेन का इस्तेमाल होगा। रामबाग मेट्रो स्टेशन के आगे कालिंदी विहार मेट्रो स्टेशन तक यू-गर्डर का परिनिर्माण फिर लॉन्चर तकनीक से किया जाएगा। यानी निर्माण के अलग-अलग हिस्सों में उपलब्ध जगह और परिस्थितियों के अनुसार लॉन्चर तथा पारंपरिक क्रेन दोनों का इस्तेमाल होगा।

वाहनों और स्थानीय आवागमन पर कम असर

सुल्तानगंज क्रॉसिंग के आगे पारंपरिक क्रेन लगाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लॉन्चर तकनीक के इस्तेमाल से निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय लोगों और वाहनों के आवागमन में अपेक्षाकृत कम बाधा आने की उम्मीद है। सुल्तानगंज क्रॉसिंग स्टेशन का कॉन्कोर्स भी अब आकार लेने लगा है। ऐसे में यू-गर्डर रखने का काम शुरू होने के साथ इस हिस्से में आगरा मेट्रो के निर्माण की गतिविधियां और तेज होती दिखाई देंगी।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News