- सेवा संकल्प अभियान में हर शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों की रील, जनभागीदारी और यात्राओं से संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी
भारत 19
कानपुर। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने जमीनी संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान पार्टी के लिए लाभार्थियों से सीधा संपर्क बढ़ाने और शक्ति केंद्रों को सक्रिय करने का अवसर कानपुर उत्तर की कार्यशाला में सामने आई रूपरेखा में लाभार्थियों की रील, जनसंवाद, यात्राओं और जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों के जरिए संगठन की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया। 80 फीट रोड स्थित सम्राट गेस्ट हाउस में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने अभियान के 12 प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने सरकार और संगठन के समन्वय से अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हर शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों की रील
अभियान का खास आकर्षण ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों की रील तैयार की जाएगी। सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की कहानियों और अनुभवों को वीडियो के जरिए सामने लाकर संगठन के स्थानीय नेटवर्क से जनता तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके साथ ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के जरिए जनता से सीधा संवाद किया जाएगा। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
बच्चों, महिलाओं और युवाओं तक पहुंचेगा अभियान
भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को जोड़ने के लिए कार्यक्रमों की अलग श्रृंखला तैयार की है। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। महिलाओं से जुड़ाव बढ़ाने के लिए ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान किया जाएगा। यात्राओं के जरिए भी जनसंपर्क बढ़ाया जाएगा। अभियान में ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘वडनगर से वाराणसी संकल्प यात्रा’ शामिल हैं। इसके अलावा मानव रंगोली और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
लाभार्थी संपर्क से संगठन तक साधने की रणनीति
अभियान की रूपरेखा में लाभार्थियों से संपर्क को शक्ति केंद्रों की सक्रियता और जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों से जोड़ने की रणनीति दिखाई देती है। एक तरफ सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों की कहानियों को रील के जरिए सामने लाने की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ यात्राओं, नुक्कड़ नाटकों और संवाद कार्यक्रमों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने का खाका तैयार किया गया है। यानी सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा अपने स्थानीय संगठन को लगातार सक्रिय रखने और जनता से सीधा संपर्क बढ़ाने की कोशिश करेगी।
प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनअभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के हर वर्ग से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। कार्यशाला में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, विधायक सुरेंद्र मैथानी, जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा, एमएलसी सलिल बिश्नोई, पूनम कपूर, अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित और अनुराग शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


