- वडोदरा में छह हजार से ज्यादा युवाओं से संवाद, विकास परियोजनाओं का जिक्र कर कांग्रेस पर तंज, बोले- देश की प्रगति से कुछ लोग कभी खुश नहीं होते
भारत 19 डेस्क
वडोदरा में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Gen-Z के साथ संवाद के दौरान विपक्ष खासकर कांग्रेस पर फिर ‘नाराज फूफा’ वाला तंज कसा। देश में तेजी से हो रहे विकास और बड़ी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब भारत आगे बढ़ता है तो कुछ लोग खुश होने के बजाय नाराज हो जाते हैं और हर उपलब्धि में कमी निकालने लगते हैं। महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने छह हजार से अधिक युवाओं, छात्रों, युवा पेशेवरों और स्टार्टअप से जुड़े लोगों से संवाद किया। युवाओं से बातचीत के दौरान उन्होंने विकास, तकनीक, आत्मनिर्भरता और भारत के भविष्य से जुड़े मुद्दों के साथ राजनीतिक विरोध के रवैये पर भी निशाना साधा।
विकास पर सवाल उठाने वालों पर कसा तंज
प्रधानमंत्री ने देश में हो रहे बदलावों और बुनियादी ढांचे के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की प्रगति को देखकर कुछ लोग लगातार असंतुष्ट रहते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘नाराज फूफा’ वाली उपमा का इस्तेमाल किया। मोदी का यह तंज हाल में दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान की अगली कड़ी के रूप में सामने आया है। वडोदरा में उन्होंने इसी अंदाज को दोहराते हुए विकास कार्यों के विरोध को निशाने पर लिया।
Gen-Z के बीच बदले अंदाज में पीएम का संवाद
वडोदरा का कार्यक्रम सामान्य राजनीतिक सभा से अलग रखा गया था। इसमें युवाओं के साथ सीधे संवाद के लिए आधुनिक मंच, डिजिटल पंजीकरण और तकनीक आधारित व्यवस्था का इस्तेमाल किया गया। कार्यक्रम में करीब छह हजार युवाओं की मौजूदगी रही। प्रधानमंत्री ने युवाओं को विकसित भारत की यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।
एक घंटे में फुल हुईं छह हजार सीटें
कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह का अंदाजा ऑनलाइन पंजीकरण से भी लगाया जा सकता है। BookMyShow पर पंजीकरण शुरू होने के करीब एक घंटे में छह हजार उपलब्ध सीटें भर गईं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गए। अलग-अलग रिपोर्टों में वेटिंग संख्या करीब 36 हजार से 42 हजार बताई गई है। कार्यक्रम में डिजिटल टिकट और क्यूआर कोड आधारित प्रवेश व्यवस्था अपनाई गई। सरकारी कार्यक्रम में इस तरह की डिजिटल इवेंट मैनेजमेंट व्यवस्था पहली बार इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई।
35 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
वडोदरा दौरे में प्रधानमंत्री ने 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन प्रमुख खंड भी शामिल हैं। इन तीनों खंडों की कुल लंबाई 326 किलोमीटर है और इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। प्रधानमंत्री ने इन परियोजनाओं को देश की बदलती कार्य संस्कृति और तेज विकास का उदाहरण बताते हुए कहा कि अब बड़ी परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में अटकी रहने के बजाय समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं। वडोदरा के मंच से Gen-Z संवाद, विकास परियोजनाओं और विपक्ष पर राजनीतिक तंज, तीनों को एक साथ जोड़कर प्रधानमंत्री ने युवाओं के बीच सरकार के विकास मॉडल को प्रमुखता से रखा।


