Hot Topics

नौबस्ता मंडी के व्यापारियों ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

  • दो रात में 10 दुकानों में चोरी और प्रयास की घटनाओं से बढ़ी चिंता, डीसीपी दक्षिण को ज्ञापन सौंपकर रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग

भारत 19
कानपुर
। नौबस्ता गल्ला मंडी में लगातार दो रात हुई चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं के बाद व्यापारियों ने अब पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। 31 अगस्त और एक सितंबर की रात मंडी की 10 दुकानों को निशाना बनाए जाने से कारोबारियों में असुरक्षा का भाव बढ़ गया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने मंडी के भीतर रात में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही ताजा घटनाओं और पहले हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की।

लगातार चोरी से मंडी में बढ़ी असुरक्षा

भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने डीसीपी दक्षिण को बताया कि एक ही रात में 10 दुकानों में चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं गंभीर हैं। उनका कहना है कि मंडी में इससे पहले भी अनाज चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कई मामलों का खुलासा नहीं हो सका। व्यापारियों के मुताबिक लगातार घटनाओं से मंडी में कारोबार करने वालों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। उनका कहना है कि बड़ी मात्रा में अनाज और कृषि उत्पाद मंडी में रहते हैं, इसलिए रात की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना जरूरी है।

मंडी के अंदर रात में गश्त बढ़ाने की मांग

व्यापारियों ने हनुमंत विहार थाना क्षेत्र की पुलिस से मंडी परिसर के भीतर रात में नियमित गश्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि पुलिस की प्रभावी मौजूदगी से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ कारोबारियों का भरोसा भी कायम होगा। जिलाध्यक्ष अनुराग जायसवाल और जिला वरिष्ठ महामंत्री गोपाल शुक्ला ने कहा कि घटनाओं के बाद व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने ताजा घटनाओं का जल्द खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की।

दक्षिण क्षेत्र की बाजारों में भी सुरक्षा की मांग

भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के दक्षिण अध्यक्ष कमल त्रिपाठी और वरिष्ठ महामंत्री केके गुप्ता ने दक्षिण क्षेत्र की प्रमुख बाजारों में भी पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि व्यापारी तभी निर्भय होकर कारोबार कर सकेंगे, जब बाजारों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा। प्रदेश संगठन मंत्री संजय भदौरिया ने पुलिस और व्यापार मंडलों के बीच नियमित समन्वय बैठक कराने की जरूरत बताई। उनके अनुसार बाजारों की सुरक्षा संबंधी समस्याओं को पुलिस तक समय से पहुंचाने और उनके समाधान के लिए ऐसी बैठकें उपयोगी होंगी। टास्क फोर्स संयोजक एवं मार्बल मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन गौड़ ने मार्बल मार्केट में भी रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग रखी। व्यापारियों ने पुलिस से मंडियों और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News