Hot Topics

आईएमए कानपुर चुनाव में पहले दिन ही प्रमुख दावेदार सामने

  • अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदों पर पहले दिन नामांकन; कार्यकारिणी की 48 सीटों के लिए आठ प्रत्याशियों ने भरे पर्चे, 27 सितंबर को ईवीएम से मतदान

भारत 19
कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर शाखा के 2026-27 वार्षिक चुनाव की तस्वीर नामांकन के पहले ही दिन काफी हद तक सामने आ गई। मंगलवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदों के लिए प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। वहीं 48 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए भी आठ नामांकन प्राप्त हुए। चुनाव समिति के कार्यक्रम के अनुसार अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद 27 सितंबर को आईएमए भवन, परेड में ईवीएम से मतदान कराया जाएगा।

नामांकन पत्र 24 अगस्त से उपलब्ध कराए जा रहे थे, जबकि इन्हें जमा करने की प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू हुई है। प्रत्याशी 6 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच आईएमए कानपुर कार्यालय में नामांकन दाखिल कर सकेंगे। ऐसे में अभी अन्य प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की गुंजाइश बनी हुई है।

अध्यक्ष पद पर डॉ. अमित सिंह गौर ने भरा पर्चा

चुनाव समिति की चेयरपर्सन डॉ. अर्चना भदौरिया के अनुसार नामांकन के पहले दिन सभी प्रमुख पदों के लिए पर्चे दाखिल हुए। अध्यक्ष पद के लिए डॉ. अमित सिंह गौर ने नामांकन किया। चार उपाध्यक्ष पदों के लिए डॉ. दिनेश सिंह सचान, डॉ. विकास मिश्रा, डॉ. सुभी वरयानी और डॉ. गणेश शंकर ने नामांकन दाखिल किया। सचिव पद के लिए डॉ. दीपक श्रीवास्तव, वित्त सचिव के लिए डॉ. क्षमा शुक्ला, संपत्ति सचिव के लिए डॉ. सौरभ लूथरा, वैज्ञानिक सचिव के लिए डॉ. रेनू सिंह गहलोत, पुस्तकालय सचिव के लिए डॉ. मिलन सचान, सांस्कृतिक सचिव के लिए डॉ. गौरव मिश्रा और क्रीड़ा सचिव के लिए मानव लूथरा के नामांकन प्राप्त हुए।

48 कार्यकारिणी सीटों पर आठ नामांकन

चुनाव समिति के सचिव डॉ. जे.एस. कुशवाहा ने बताया कि 48 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए पहले दिन आठ नामांकन प्राप्त हुए। इनमें डॉ. देवज्योति देबरॉय, डॉ. कुश पाठक, डॉ. प्रदीप गुप्ता, डॉ. अम्बर वरयानी, डॉ. ए.के. गुप्ता, डॉ. हेमलता शुक्ला, डॉ. शिवांशु मिश्रा और डॉ. अवधेश शर्मा शामिल हैं। कार्यकारिणी पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 6 सितंबर तक चलने के कारण इन सीटों पर प्रत्याशियों की संख्या आगे बढ़ सकती है।

नामांकन के बाद जांच और नाम वापसी का दौर

नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 7 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वैध प्रत्याशियों की सूची 8 सितंबर को सुबह 11 बजे जारी की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। 10 सितंबर को शाम पांच बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। अंतिम प्रत्याशी सूची 12 सितंबर को सुबह 11 बजे जारी होगी। इसी सूची के बाद चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।

27 सितंबर को ईवीएम से होगा मतदान

आईएमए कानपुर शाखा का चुनाव 27 सितंबर 2026 को कराया जाएगा। मतदान आईएमए भवन, “टेंपल ऑफ सर्विस”, 37/7, परेड, कानपुर में ईवीएम के माध्यम से होगा। चुनाव समिति ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को निर्धारित नियमों और आचार संहिता का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया प्रचार और पोस्टर पर भी नियम

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया, बैनर, पोस्टर और होर्डिंग को लेकर निर्धारित प्रतिबंध लागू रहेंगे। चुनाव समिति ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से इन नियमों का पालन करने की अपील की है।

Tags :

Bharat 19 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News